भास्कर न्यूज | बलरामपुर शहर के अटल चौक के पास अटल व्यवसायिक परिसर का निर्माण होगा। इसके लिए 4 करोड़ रुपए की लागत का प्राक्कलन तैयार किया जा रहा है। यह परिसर रायपुर के लालगंगा शॉपिंग मॉल की तर्ज पर बनेगा। कृषि मंत्री रामविचार नेताम के निर्देश पर मंडी बोर्ड की टीम ने स्थल का निरीक्षण किया। टीम का नेतृत्व मंडी सचिव डॉ. मलिक राम पोर्ते ने किया। उनके साथ कार्यपालन अभियंता टॉबियस टोप्पो और एसडीओ जयपाल सिंह कंवर भी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान नगर पालिका के सीएमओ प्रणव राय, उपाध्यक्ष दिलीप सोनी, पार्षद अमित गुप्ता और शहर के गणमान्य नागरिक भी उपस्थित थे। मंडी सचिव ने कहा कि यह स्थान व्यवसायिक परिसर के लिए उपयुक्त है। मंत्री नेताम ने इसे प्राथमिकता में शामिल किया है। यहां पहले से मौजूद स्वास्थ्य विभाग के जर्जर भवनों को हटाया जाएगा। उनकी जगह सर्वसुविधायुक्त परिसर बनेगा। नगर के पार्षद इंजीनियर गौतम सिंह ने इस मांग को मंत्री नेताम के समक्ष रखा था। मांग को सैद्धांतिक मंजूरी मिल चुकी है। प्राक्कलन तैयार होते ही निविदा प्रक्रिया शुरू होगी। निर्माण कार्य शुरू होने से स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलेगा। नगर पालिका की आय बढ़ेगी। शहर की सुंदरता में भी इजाफा होगा। निरीक्षण के समय छठ पूजा समिति के मनीष सिंह पम्मू, अभिषेक चौबे, मनीष सिंह सोबू सहित कई लोग मौजूद थे।