अयोध्या में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने दीपावली, गोवर्धन और भाई दूज जैसे आगामी पर्वों के मद्देनजर मिलावटखोरी रोकने के लिए विशेष छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान विभिन्न स्थानों से संदिग्ध खाद्य सामग्री जब्त की गई और जांच के लिए 10 नमूने प्रयोगशाला भेजे गए। सहायक आयुक्त (खाद्य)।। मानिक चंद्र सिंह के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारी अजय कुमार सोनी और नंद किशोर यादव की टीम ने कार्रवाई की। टीम ने रामघाट चौराहा स्थित रवि सिंह के प्रतिष्ठान से 1,250 किलोग्राम रंगीन चीनी के खिलौने और गट्टा बरामद किया, जिसकी अनुमानित कीमत 1,25,000 रुपये है। इसी टीम ने अयोध्या के हलकारा का पुरवा स्थित आर.के. ट्रेडर्स से भी 75 किलोग्राम रंगीन चीनी के खिलौने जब्त किए, जिनकी कीमत 7,500 रुपये आंकी गई है। एक अन्य टीम ने संतोष कुमार साहू के नेतृत्व में गद्दोपुर स्थित श्रीराम जनरल स्टोर से बेसन और बेकिंग पाउडर के नमूने लिए। वजीरगंज के गणेश जनरल स्टोर से वनस्पति का एक नमूना भी संग्रहित किया गया। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. पी.के. त्रिपाठी के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों अनूप सिंह और विवेक कुमार मौर्य की टीम ने सौरभ स्वीट्स से खोआ, सोनपापड़ी और बत्तीसा के नमूने लिए। बीकापुर क्षेत्र से गुड़ का एक नमूना भी जांच के लिए भेजा गया है। इस अभियान के तहत कुल 10 खाद्य नमूने एकत्र कर जनविश्लेषक प्रयोगशाला भेजे गए हैं। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि नमूनों की जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। खाद्य सुरक्षा विभाग ने आम जनता से अपील की है कि वे पर्वों के दौरान मिलावटी और संदिग्ध खाद्य पदार्थों से सावधान रहें। किसी भी शिकायत की स्थिति में तुरंत विभाग को सूचित करने को कहा गया है।