अयोध्या शहर के वजीरगंज के जप्ती मोहल्ले में सोमवार दोपहर दिनदहाड़े तीन बदमाशों ने एक गर्भवती महिला के घर में घुसकर लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया। मुंह पर गमछा बांधे बदमाशों ने महिला के गले पर चाकू रखकर आलमारी में रखे गहने और नकदी लूट ली। विरोध करने पर बदमाशों ने गर्भवती महिला के साथ मारपीट की और उसके पेट पर वार किया। घटना के बाद महिला गंभीर रूप से सदमे में है। स्थानीय निवासी सैफी की भाभी सबा सोमवार दोपहर घर पर अकेली थीं। परिवार के अन्य सदस्य किसी कार्य वश बाहर गए थे। दोपहर करीब दो बजे तीन बदमाश मुंह पर गमछा बांधकर घर में घुस आए। उस समय सबा अपने कमरे में आराम कर रही थीं। उनके पति मुसाहिद मुंबई में नौकरी करते हैं। कमरे में घुसते ही बदमाशों ने चाकू सबा के गले पर रख दिया और धमकाते हुए गहने और नकदी की मांग की। विरोध करने पर बदमाशों ने उन्हें पीटा और पेट पर वार कर दिया। इसके बाद उनके शरीर से गहने उतार लिए और आलमारी तोड़कर उसमें रखे जेवर और नकदी लूट ली। घटना के बाद बदमाश फरार हो गए। होश में आने पर सबा ने फोन कर अपने देवर सैफी को घटना की जानकारी दी। सैफी मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की। बताया जा रहा है कि बदमाश लगभग तीन से चार लाख रुपये के गहने और नकदी लेकर फरार हुए हैं। सटीक मूल्यांकन अभी नहीं हुआ है। वारदात जिस मकान में हुई, वह घनी आबादी वाले इलाके में मुख्य मार्ग पर स्थित है, जहां हमेशा लोगों की आवाजाही बनी रहती है। ऐसे में दिनदहाड़े इस लूट ने इलाके में दहशत फैला दी है। नगर कोतवाल अश्विनी पांडेय ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पीड़िता से पूछताछ की और पुलिस टीम को बदमाशों की तलाश में लगाया। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार किया जाएगा।