इटवा में विवाहिता का फंदे से लटका मिला शव:भाई ने जताई हत्या की आशंका, 8 साल पहले हुई थी शादी

Oct 1, 2025 - 21:00
 0
इटवा में विवाहिता का फंदे से लटका मिला शव:भाई ने जताई हत्या की आशंका, 8 साल पहले हुई थी शादी
सिद्धार्थनगर के इटवा थाना क्षेत्र स्थित गोरया गांव में बुधवार को एक विवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है। शर्मिला का विवाह वर्ष 2017 में गोरया गांव निवासी श्रवण उर्फ बेचन से हुआ था। गौना 2022 में हुआ था। पुलिस सूत्रों के अनुसार, बुधवार दोपहर लगभग 1:30 बजे शर्मिला का शव घर के अंदर फंदे से लटकता हुआ पाया गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, शव का पंचनामा तैयार किया और उसे पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि यह आत्महत्या नहीं, बल्कि हत्या का मामला है। मृतका के भाई मनोज यादव ने बताया कि बुधवार दोपहर करीब 2:00 बजे उनकी बहन की सास ने उन्हें फोन कर शर्मिला की तबीयत खराब होने की सूचना दी। जब परिवार गोरया गांव पहुंचा, तो वहां भीड़ जुटी हुई थी और शर्मिला का शव कमरे के बिस्तर पर पड़ा था। मनोज यादव ने घटना की परिस्थितियों पर संदेह व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि ससुराल वालों ने फांसी लगाकर आत्महत्या करने का दावा किया, लेकिन कमरे की ऊंचाई केवल 7.5 फीट है। छत में फांसी लगाने के लिए कोई साड़ी या रस्सी का फंदा नहीं था, जिससे फांसी लगाना असंभव प्रतीत होता है। जब परिवार ने ससुराल पक्ष से फंदे के बारे में पूछा, तो उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला। बाद में, फोरेंसिक टीम के पहुंचने पर ससुराल पक्ष ने एक पतली रस्सी पेश की और उसे फंदा बताया। मनोज यादव ने आरोप लगाया कि उनकी बहन की हत्या कर शव को बिस्तर पर रखा गया और फिर फांसी का बहाना बनाया गया। उन्होंने 100% विश्वास व्यक्त किया कि उनकी बहन की हत्या की गई है। इटवा थाना प्रभारी श्याम सुंदर तिवारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो पाएगी। मायके पक्ष के आरोपों की भी जांच की जा रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0