इटावा में करीब 12 वर्षों से फरार चल रहे वारंटी आरोपी संदीप उर्फ बबलू दुबे को आखिरकार जीआरपी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर वर्ष 2013 में रेलवे स्टेशन क्षेत्र में महिला से छेड़खानी का गंभीर आरोप था। लंबे समय से फरार चल रहे इस आरोपी की गिरफ्तारी शासन की मंशा के अनुरूप चलाए जा रहे फरार अपराधियों और वारंटियों के खिलाफ विशेष अभियान के तहत की गई है। जानकारी मुताबिक थाना जीआरपी इटावा पुलिस लगातार वांछित एवं फरार आरोपियों की तलाश में जुटी थी। उसी क्रम में पुलिस टीम बीते सोमवार को यह अहम सफलता हाथ लगी है। मंगलवार को जीआरपी पुलिस ने आरोपी को न्यायालय भेजा। गिरफ्तार आरोपी संदीप उर्फ आकाश उर्फ बबलू दुबे पुत्र कमलेश दुबे निवासी राजू की चक्की, थाना फ्रेंड्स कॉलोनी, जनपद इटावा, उम्र करीब 36 वर्ष है। उसके विरुद्ध धारा 354 महिला से छेड़खानी का मामला दर्ज था। जमानत पर रिहा हुआ, फिर पेश नहीं हुआ था जानकारी के अनुसार, आरोपी को उस समय पुलिस ने गिरफ्तार कर थाने से जमानत पर रिहा किया था, लेकिन वह बाद में न्यायालय में पेश नहीं हुआ। आरोपी की अनुपस्थिति के चलते न्यायालय द्वारा कई बार आदेश जारी किए गए, परंतु वह लगातार बचता रहा। आखिरकार 29 अक्टूबर 2025 को गैर-जमानती वारंट जारी किया गया। दिनेश प्रकाश थाना प्रभारी जीआरपी ने बताया कि आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए दिल्ली, मैनपुरी और इटावा के अलग-अलग इलाकों में छिपकर रह रहा था। मगर जीआरपी इटावा की सक्रियता ने उसकी सारी कोशिशों पर पानी फेर दिया। पुलिस ने रेलवे स्टेशन इटावा क्षेत्र से आरोपी को धर दबोचा।