ईरानी कप- अथर्व तायडे ने नाबाद शतक लगाया:विदर्भ ने पहले दिन 5 विकेट पर 280 रन बनाए; मानव सुथार को 3 विकेट

Oct 1, 2025 - 22:00
 0
ईरानी कप- अथर्व तायडे ने नाबाद शतक लगाया:विदर्भ ने पहले दिन 5 विकेट पर 280 रन बनाए; मानव सुथार को 3 विकेट
ईरानी कप के पहले दिन विदर्भ ने स्टंप्स तक 5 विकेट खोकर 280 रन बना लिए हैं। बुधवार को नागपुर स्टेडियम में रेस्ट ऑफ इंडिया के खिलाफ विदर्भ ने टॉस जीतकर बॉलिंग करने का फैसला किया। टीम से अथर्व तायडे ने नाबाद शतक लगाया। वहीं यश राठौर ने 91 रन की पारी खेली। रेस्ट ऑफ इंडिया से लेफ्ट आर्म स्पिनर मानव सुथार ने सबसे ज्यादा 3 विकेट चटकाए। तायडे की सेंचुरी पहले बल्लेबाजी कर रही विदर्भ की टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। टीम ने 40 रन पर पहला विकेट गंवाया। ओपनर अमन मोखडे को 19 रन पर आकाश दीप ने विकेटकीपर ईशान किशन के हाथों कैच कराया। इसके बाद बल्लेबाजी करने आए ध्रुव शोरे भी ज्यादा देर तक मैदान पर टिक नहीं सके। उन्हें मानव सुथार ने 18 रन पर बोल्ड कर दिया। दूसरी छोर पर लगातार विकेट गिरने के बावजूद अथर्व ने टिककर बैटिंग की। उन्होंने संभलकर खेलते हए 240 बॉल पर नाबाद 118 रन बनाए। पारी में अथर्व ने 12 चौके और एक सिक्स भी लगाया। उनके साथ यश ठाकुर 4 रन बनाकर नाबाद लौटे है। यश राठौर शतक से चूके दूसरा विकेट गिरने के बाद बल्लेबाजी करने उतरे इन-फॉर्म बैटर दानिश मलेवार शून्य के स्कोर पर आउट हो गए। इसके बाद अथर्व और यश राठौर ने मिलकर 184 रन की साझेदारी की। यश ने शुरुआत में तेजी से बल्लेबाजी की लेकिन स्पिनर्स के आने के बाद उन्हें संभलना पड़ा। उन्होंने 153 बॉल पर 91 रन बनाए। यश शतक से 9 रन दूर रहे गए। उन्होंने पारी में 6 चौके और एक सिक्स लगाया। सुथार को 3, आकाश दीप को 2 विकेट रेस्ट ऑफ इंडिया के लिए सबसे कामयाब बॉलर मानव सुथार रहे। उन्होंने 23 ओवर में 64 रन देकर 3 बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। सुथार ने ध्रुव शोरे, दानिश मलेवार और यश राठौर को आउट किया। उनके अलावा पेसर आकाश दीप ने भी 2 विकेट लिए। उन्होंने कप्तान अक्षय वाडकर और अमन मोखडे को आउट किया। ईरानी कप के बारे में जानिए ईरानी कप भारत का फर्स्ट क्लास क्रिकेट टूर्नामेंट है, जो हर साल रणजी ट्रॉफी जीतने वाली टीम और शेष भारत (रेस्ट ऑफ इंडिया) की टीम के बीच खेला जाता है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) इस टूर्नामेंट का आयोजन करता है। यह टूर्नामेंट रणजी ट्रॉफी के बाद आयोजित किया जाता है और घरेलू क्रिकेट के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों को एक साथ खेलने का मौका देता है। ईरानी कप 1959-60 सीजन में रणजी ट्रॉफी की 25वीं वर्षगांठ मनाने के लिए शुरू किया गया था। इसका नाम जाल आर. ईरानी के सम्मान में रखा गया, जो लंबे समय तक BCCI के कोषाध्यक्ष और अध्यक्ष रहे। दोनों टीमों की प्लेइंग-XI विदर्भ- ध्रुव शोरे, अथर्व तायडे, अमन मोखडे, दानिश मलेवार, यश राठौर, अक्षय वाडकर (कप्तान/विकेटकीपर), पार्थ रेखड़े, हर्ष दुबे, यश ठाकुर, दर्शान नालकांडे और आदित्य ठाकर। रेस्ट ऑफ इंडिया- अभिमन्यु ईश्वरन, ऋतुराज गायकवाड, आर्यन जूयल, रजत पाटिदार (कप्तान), यश धुल, ईशान किशन (विकेटकीपर), मानव सुथार, सारांश जैन, अंशुल कंबोज, आकाश दीप और गुरनूर ब्रार।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0