उन्नाव की 3 पंचायतें मॉडल यूथ ग्राम सभा बनीं:पंचायती राज मंत्रालय ने चुना, पीएम मोदी करेंगे संवाद

Oct 29, 2025 - 12:00
 0
उन्नाव की 3 पंचायतें मॉडल यूथ ग्राम सभा बनीं:पंचायती राज मंत्रालय ने चुना, पीएम मोदी करेंगे संवाद
उन्नाव जिले की तीन ग्राम पंचायतों जनसार (नवाबगंज), खोखापुर (सफीपुर) और लगलेसरा (मियागंज) का चयन भारत सरकार के पंचायती राज मंत्रालय द्वारा मॉडल यूथ ग्राम सभा के रूप में किया गया है। यह जिले के लिए एक गौरवपूर्ण क्षण है। देशभर से चुनी गई 200 ग्राम पंचायतों में उन्नाव की ये पंचायतें शामिल हैं। इन पंचायतों का चयन ग्राम स्तर पर उत्कृष्ट विकास कार्यों और नवाचार के आधार पर हुआ है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जल्द ही इन चयनित ग्राम पंचायतों के प्रधानों से संवाद करेंगे। इस संवाद का उद्देश्य ग्रामीण विकास और युवा सशक्तिकरण को नई दिशा देना है। चयनित पंचायतों में शामिल ग्राम प्रधानों और ग्रामीणों में उत्साह का माहौल है। मियागंज विकास खंड की ग्राम पंचायत लगलेसरा के प्रधान प्रदीप कनौजिया ने अपने नेतृत्व में गांव में स्वच्छता, शिक्षा, पेयजल, सड़क निर्माण और डिजिटल सेवाओं के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। इन्हीं प्रयासों के कारण पंचायत को राष्ट्रीय स्तर पर यह सम्मान मिला है। बेहतर काम करने की जिम्मेदारी भी देता है प्रधान प्रदीप कनौजिया ने इस उपलब्धि पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा, “यह हमारे लिए बहुत गर्व की बात है कि हमारी ग्राम पंचायत का चयन मॉडल यूथ ग्राम सभा में हुआ है। प्रधानमंत्री जी से संवाद करने का अवसर हमारे पूरे गांव के लिए प्रेरणा है और यह सम्मान हमें और बेहतर काम करने की जिम्मेदारी भी देता है।” वहीं, नवाबगंज ब्लॉक की जनसार और सफीपुर की खोखापुर पंचायतों में भी जश्न का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रधानों को सम्मानित किया और मिठाइयां बांटीं। इन पंचायतों को युवाओं की सक्रिय भागीदारी, पर्यावरण संरक्षण, महिला सशक्तिकरण और पारदर्शी प्रशासन के कारण चुना गया है। डीपीआरओ आलोक सिन्हा ने कहा कि यह उपलब्धि जिले के लिए गौरवपूर्ण है और अन्य पंचायतों को भी इससे प्रेरणा लेकर विकास की दिशा में अग्रसर होना चाहिए।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0