उन्नाव में क्रिसमस और नए वर्ष के त्योहारों को देखते हुए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग मिलावटी और असुरक्षित खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए अलर्ट पर है। जिला प्रशासन के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने बेकरियों और केक शॉप्स पर विशेष निरीक्षण अभियान चलाया। इस दौरान कई प्रतिष्ठानों में गंदगी और नियमों का उल्लंघन पाया गया। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने प्रियंका के नेतृत्व में शहर और आसपास की प्रमुख बेकरियों तथा केक शॉप्स का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान केक, पेस्ट्री, बेस, क्रीम और अन्य खाद्य सामग्री की गुणवत्ता की बारीकी से जांच की गई। अधिकारियों ने बताया कि अभियान के तहत कुल 12 खाद्य नमूने संग्रहित कर प्रयोगशाला भेजे गए हैं। निरीक्षण में कई बेकरियों में साफ-सफाई की स्थिति खराब मिली। कुछ स्थानों पर खाद्य सामग्री खुले में रखी हुई थी, तो कहीं एक्सपायरी डेट का ध्यान नहीं रखा गया था। मिलावट की आशंका के चलते केक, पेस्ट्री और बेस के नमूने लिए गए। वहीं, मानकों के अनुरूप न पाए जाने पर बड़ी मात्रा में केक, पेस्ट्री और बेस को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी किए हैं। उन्हें साफ-सफाई दुरुस्त करने, खाद्य मानकों का पालन सुनिश्चित करने और लाइसेंस संबंधी दस्तावेज पूरे रखने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान लोगों के स्वास्थ्य से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
विभाग का कहना है कि सभी 12 नमूनों की प्रयोगशाला रिपोर्ट आने के बाद यदि किसी भी नमूने में मिलावट या मानकों की अनदेखी पाई जाती है, तो संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसमें जुर्माना, लाइसेंस निलंबन या मुकदमा दर्ज करने तक की कार्रवाई शामिल हो सकती है।
खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों ने आमजन से भी अपील की है कि वे त्योहार के दौरान केवल विश्वसनीय और साफ-सुथरे प्रतिष्ठानों से ही खाद्य सामग्री खरीदें। यदि कहीं मिलावट या गंदगी नजर आए तो इसकी सूचना तुरंत खाद्य सुरक्षा विभाग या जिला प्रशासन को दें।