भास्कर न्यूज | फतेहपुर/ बिंदापाथर जिले के फतेहपुर प्रखंड स्थित एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय, चौकुंदा का सोमवार को विधिवत शुभारंभ हुआ। झारखंड विधानसभा अध्यक्ष रविन्द्र नाथ महतो ने फीता काटकर और दीप जलाकर विद्यालय भवन और छात्रावास का उद्घाटन किया। इस मौके पर उपायुक्त रवि आनंद, पुलिस अधीक्षक राज कुमार मेहता, उप विकास आयुक्त निरंजन कुमार, परियोजना निदेशक आईटीडीए जुगनू मिंज सहित कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत पौधारोपण से हुई। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि पहले जिले में एकलव्य विद्यालय नहीं था। बच्चों का चयन दुमका और अन्य जिलों में होता था। अब यह पूरी तरह से तैयार है। पढ़ाई शुरू हो रही है। उन्होंने एकलव्य और गुरु द्रोणाचार्य की कथा सुनाते हुए शिक्षा में भेदभाव की बात कही। कहा कि पहले शिक्षा सबके लिए सुलभ नहीं थी, अब सरकार का प्रयास है कि कोई बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि बच्चों को उनकी रुचि के अनुसार ट्रेड चुनने का मौका मिलना चाहिए। सभी बच्चे जीनियस नहीं हो सकते। अभिभावकों से अपील की कि बच्चों पर अपनी सोच न थोपें। उन्हें खेल, संगीत, कला या किसी भी क्षेत्र में आगे बढ़ने दें। सरकार देश और विदेश में पढ़ाई के लिए छात्रवृत्ति दे रही है। गुरुजी स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना के तहत कम ब्याज पर ऋण भी मिल रहा है। उपायुक्त रवि आनंद ने कहा कि जब हम छोटे थे, तब ऐसी इमारतें देखकर सोचते थे कि अंदर क्या होता होगा। आज वही सुविधा फतेहपुर में मिल रही है। यहां अंग्रेजी माध्यम में पढ़ाई होगी। एक महीने में बाकी सुविधाएं भी पूरी कर दी जाएंगी। बच्चों से कहा- मन लगाकर पढ़ाई करें पुलिस अधीक्षक राज कुमार मेहता ने कहा कि उनका करियर भी आवासीय विद्यालय में शिक्षक के रूप में शुरू हुआ था। उन्होंने बच्चों से कहा कि मन लगाकर पढ़ाई करें। कोई समस्या हो तो कार्रवाई की जाएगी। उप विकास आयुक्त निरंजन कुमार ने बताया कि यह विद्यालय उन क्षेत्रों में खोला जाता है जहां जनजातीय आबादी 50 प्रतिशत या उससे अधिक हो। यहां अकादमिक के साथ स्किल डेवलपमेंट पर भी जोर रहेगा। परियोजना निदेशक जुगनू मिंज ने सभी जानकारियां दीं।