कानपुर के नौघड़ा इलाके में एक मकान गिरने से 5 लोग मलबे में फंस गए। घटना की सूचना नौघड़ा मिनी कंट्रोल से मिली। इसके बाद बादशाहीनाका थाने के एसएचओ ने बताया कि 50/185 माली वाली गली नौघड़ा में मकान गिर गया है। सूचना मिलते ही अग्निशमन अधिकारी लाटूश रोड रेस्क्यू यूनिट के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। मकान के अंदर से कराहने की आवाजें आ रही थीं। रेस्क्यू टीम ने तुरंत बचाव अभियान शुरू किया। मलबे में फंसे लोगों में 55 वर्षीय रामकिशोर (रामप्यारे के पुत्र), 14 वर्षीय शुभी (रामकिशोर की पुत्री), 13 वर्षीय गौरव (पिंटू कश्यप के पुत्र), 19 वर्षीय साक्षी (पिंटू कश्यप की पुत्री) और 40 वर्षीय बीना कश्यप (पिंटू कश्यप की पत्नी) शामिल थे। रेस्क्यू टीम ने सभी को सकुशल बाहर निकाला। हालांकि, रामकिशोर आंशिक रूप से घायल हो गए, जिन्हें उर्सला अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया। घटनास्थल पर एसीपी आशुतोष सिंह पुलिस फोर्स के साथ मौजूद रहे। अधिकारियों ने पुष्टि की है कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है। फायर सर्विस की टीम बचाव कार्य पूरा करने के बाद लाटूश रोड स्टेशन वापस लौट गई।