कार्तिक गंगा स्नान के मद्देनजर बुलंदशहर रोडवेज डिपो ने विशेष बस सेवाओं की घोषणा की है। रविवार से अनूपशहर और सोमवार से गढ़ गंगा घाट के लिए अतिरिक्त बसों का संचालन शुरू हो जाएगा। यात्रियों की सुविधा के लिए बसों की संख्या आवश्यकतानुसार बढ़ाई जाएगी। बुलंदशहर डिपो के एआरएम परमानंद ने बताया कि अनूपशहर के लिए 2 नवंबर से 6 नवंबर तक प्रतिदिन लगभग 30 बसों का संचालन किया जाएगा। ये बसें सुबह 6:30 बजे से शाम 6:30 बजे तक प्रत्येक 30 मिनट पर उपलब्ध होंगी। यात्री पुराने रोडवेज बस अड्डे से अनूपशहर के लिए यात्रा कर सकते हैं। नरौरा और अहार गंगाघाट जाने वाले यात्रियों के लिए भी संख्या के आधार पर बसों की व्यवस्था की जाएगी। उधर, स्याना-गढ़ यूनियन के अध्यक्ष जागेश चौहान ने जानकारी दी कि गढ़ गंगा के लिए स्याना बस अड्डे से मंगलवार से हर 15 मिनट पर बसें रवाना होंगी। यह सेवा बुलंदशहर से चलकर गढ़ प्रशासन द्वारा निर्धारित स्थानों तक यात्रियों को पहुंचाएगी। 4 नवंबर को गढ़ के लिए बसों का संचालन देर रात तक जारी रहेगा। 5 नवंबर को यात्रियों की संख्या के आधार पर बसों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी।