किराए के मकान से बेदखली पर महिला ने खाया जहर:मकान मालिक पर उत्पीड़न का आरोप, लखनऊ में महिला की मौत

Jun 26, 2025 - 21:00
 0
किराए के मकान से बेदखली पर महिला ने खाया जहर:मकान मालिक पर उत्पीड़न का आरोप, लखनऊ में महिला की मौत
सीतापुर के नई बस्ती मोहल्ले में किराए के मकान से बेदखली के विवाद ने एक महिला की जान ले ली। मृतका संध्या अग्रवाल अपने पति सुनील कुमार अग्रवाल के साथ पिछले एक साल से रिंकू गुप्ता के मकान में किरायेदार थीं। मकान मालिक रिंकू गुप्ता और उनकी पत्नी प्रिया गुप्ता लंबे समय से मकान खाली करने का दबाव बना रहे थे। इस विवाद में रिंकू के भाई पंकज ने मध्यस्थता की। उनकी मध्यस्थता में 10 जुलाई तक मकान खाली करने की सहमति बनी थी। 25 जून की रात करीब 9 बजे की घटना है। सुनील और संध्या अपनी परचून की दुकान पर थे। तभी मकान मालिक दंपति वहां पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने गाली-गलौज की। दुकान का सामान बिखेर दिया और कीमती सामान भी ले गए। इस घटना से व्यथित संध्या ने रात करीब 1 बजे जहरीला पदार्थ खा लिया। पति का आरोप है कि मकान मालिक दंपति ने करीब दो घंटे तक जीना नहीं खोला। गंभीर हालत में संध्या को पहले जिला अस्पताल और फिर लखनऊ मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। गुरुवार को डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने मकान मालिक दंपती पर मानसिक उत्पीड़न और आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच कर रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0