कौशाम्बी के सैनी कोतवाली क्षेत्र में एक व्यक्ति की मौत के बाद शव रखकर राष्ट्रीय राजमार्ग जाम करने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई की है। लोहदा गांव के रामबाबू तिवारी की जहर से मृत्यु के बाद यह घटना सामने आई। पोस्टमार्टम के बाद जब शव गांव पहुंचा, तो सवर्ण आर्मी के सैकड़ों सदस्यों ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर शव रखकर जाम लगा दिया। प्रशासन ने पहले से ही एक प्लाटून पीएसी तैनात कर रखी थी और कई थानों की पुलिस फोर्स भी मौजूद थी। एएसपी राजेश सिंह ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया। आरोप है कि प्रदर्शनकारियों ने पुलिस टीम पर लोहे के रॉड से हमला कर दिया। इस हमले में कई पुलिसकर्मी घायल हुए। पुलिस ने लाठीचार्ज किया और प्रदर्शनकारियों को खदेड़ दिया। इसके बाद शव को ले जाकर अंतिम संस्कार करा दिया गया। सिराथू एसआई नीतेश त्रिपाठी की शिकायत पर पुलिस ने अभिषेक पांडेय, अक्षय तिवारी, आशीष कुमार तिवारी, कुशल कुमार तिवारी समेत 10 लोगों को नामजद किया है। एसपी कौशांबी राजेश कुमार के अनुसार, अब तक 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।