गाजीपुर के दुल्लहपुर थाना क्षेत्र में 1400 रुपए के विवाद ने एक किसान की जान ले ली। सुल्तानपुर दक्षिण टोला में बुधवार रात 8 बजे हुई मारपीट में 60 वर्षीय चेयरमैन यादव की मौत हो गई। उनके पुत्र राजेश यादव की हालत गंभीर है। वह BHU के ट्रामा सेंटर में भर्ती हैं। घटना की जड़ में चेयरमैन यादव के पिता इनरु यादव के जेब से चोरी हुए 1400 रुपए हैं। दो दिन पहले चेयरमैन यादव ने पैसे चुराने वाले लड़के को डांट लगाई थी। इसी बात को लेकर सुदर्शन की पत्नी सुनीता और पुत्र मोनू यादव से राजेश यादव का विवाद हुआ। रात 8 बजे करीब 10-12 लोगों ने चारपाई पर बैठे चेयरमैन यादव और राजेश यादव पर हमला कर दिया। दोनों को गंभीर चोटें आईं और वे बेहोश हो गए। परिजन उन्हें गाजीपुर लेकर गए, जहां से डॉक्टरों ने BHU रेफर कर दिया। इलाज के दौरान चेयरमैन यादव की मृत्यु हो गई। मृतक की पत्नी प्रभावती देवी ने दुल्लहपुर थाने में 9 लोगों के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज कराई है। आरोपियों में मानती देवी, मानती देवी, सुनीता देवी, रोहित यादव, जितेन्द्र यादव, मोनू यादव, शिवकुमार यादव, अभय यादव और जंग बहादुर यादव शामिल हैं। थाना अध्यक्ष कमलेश कुमार के अनुसार यह विवाद रास्ते को लेकर हुआ। मृतक किसान चेयरमैन यादव के पुत्र राजेश यादव भी खेती करते हैं। राजेश के दो बच्चे हैं - 8 वर्षीय पुत्र और 10 वर्षीय पुत्री।