चंदौली में एक युवक की लाठी-डंडों से बेरहमी से पिटाई की गई। यह घटना सदर कोतवाली क्षेत्र के एक रेस्टोरेंट के बाहर हुई। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पीड़ित युवक के सिर और कंधे पर गंभीर चोटें आई हैं, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पीड़ित शुभम पांडेय, जो मझवार के रहने वाले हैं। बताया कि वह अपने दोस्त की बेटी के जन्मदिन की पार्टी में रेस्टोरेंट गए थे। खाना खाने के बाद जैसे ही वह बाहर निकले, अभिषेक सिंह नामक युवक ने अपने साथियों सौरभ सिंह, आलोक सिंह, वैभव सिंह और गुड्डू यादव के साथ मिलकर उन पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। अभिषेक सिंह भाजपा से नगर पंचायत अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ चुके ओमप्रकाश सिंह के बेटे हैं। इस हमले में शुभम पांडेय के सिर और कंधे पर गंभीर चोटें आईं। मारपीट की यह पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। अपनी जान बचाने के लिए शुभम भागकर रेस्टोरेंट के अंदर चले गए। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और बाद में स्थानीय लोगों ने घायल शुभम को अस्पताल में भर्ती कराया। सीओ सदर देवेंद्र कुमार ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर पांच लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। मामले की आगे की जांच के लिए पुलिस टीम जुटी हुई है।