सोनभद्र के सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी ने जातीय जनगणना की घोषणा पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद दिया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और यूपी के कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर के निर्देश पर यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। सोनभद्र के सभी तहसीलों में कार्यकर्ताओं ने उपजिलाधिकारियों को ज्ञापन सौंपा। रॉबर्ट्सगंज तहसील में जिलाध्यक्ष मनोज देव पांडेय ने कार्यक्रम का नेतृत्व किया। घोरावल में जिला उपाध्यक्ष कमलेश यादव ने अगुवाई की। प्रदेश सचिव सौरव कान्त पति तिवारी ने कहा कि जनगणना से सामाजिक संरचना को वैज्ञानिक दृष्टिकोण से समझने में मदद मिलेगी। ओबरा विधानसभा में अशोक कुमार गुर्जर और दुद्धी तहसील में जिला महासचिव जोगिंदर के नेतृत्व में कार्यक्रम हुए। प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश यादव ने कहा कि सटीक जातीय आंकड़े सामाजिक न्याय के लिए जरूरी हैं। जिलाध्यक्ष मनोज देव पांडे ने कहा कि जातीय जनगणना सामाजिक न्याय की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि यह गरीब, पिछड़े, दलित और वंचित समाज के अधिकारों की पुनर्स्थापना का माध्यम है। पार्टी ने मांग की है कि यह कार्य पारदर्शिता के साथ जल्द पूरा किया जाए।