जालौन जिले में यमुना नदी का जलस्तर लगातार बढ़ता जा रहा है, जिससे प्रशासन सतर्क हो गया है। एडीएम संजय कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि कालपी में यमुना नदी का जलस्तर सोमवार रात से ही तेजी से बढ़ रहा है और यह अब चेतावनी स्तर के करीब पहुंच गया है। बेतवा नहर डिवीजन प्रथम, उरई द्वारा संचालित बाढ़ नियंत्रण कक्ष से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, मंगलवार सुबह 10 बजे तक यमुना नदी का जलस्तर 106.270 मीटर दर्ज किया गया है, जबकि चेतावनी स्तर 107 मीटर और खतरे का स्तर 108 मीटर है। यमुना का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है, जो प्रशासन के लिए चिंता का विषय बनता जा रहा है। सुबह एक बजे से दस बजे तक जलस्तर में हर घंटे औसतन 0.10 से 0.13 मीटर की बढ़ोत्तरी दर्ज की गई है। जिससे प्रशासन ने तटीय इलाकों के ग्रामीणों को सतर्क रहने की अपील की है। वहीं दूसरी ओर बेतवा नदी का जलस्तर घट रहा है। मोहनपुर में बेतवा का जलस्तर सोमवार रात एक बजे 115.050 मीटर था, जो मंगलवार सुबह 10 बजे तक घटकर 114.260 मीटर रह गया है। यहां खतरे का स्तर 122.644 मीटर और चेतावनी स्तर 121.644 मीटर है। जिससे इस क्षेत्र में बाढ़ का तत्काल कोई खतरा नहीं है। प्रशासन ने दोनों नदियों की स्थिति पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। साथ ही संबंधित विभागों को अलर्ट रहने और संभावित बाढ़ से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा गया है। जिला प्रशासन की ओर से बाढ़ नियंत्रण कक्ष सक्रिय कर दिया गया है और लोगों से अपील की गई है कि अफवाहों से बचें और किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन से संपर्क करें।