झांसी में मंगलवार को बारिश हुई। दिनभर बादल छाए रहने के बाद शाम पांच बजे के आसपास मौसम ने करवट ली और हल्की फुहारों के बाद झमाझम बारिश शुरू हो गई। करीब 20 मिनट तक चली तेज बारिश से शहर की सड़कों में पानी भर गया। एक ओर लोग इसे ठंड की वापसी का संकेत मान रहे हैं, वहीं किसानों के चेहरे पर चिंता की लकीरें खिंच गई हैं। फसल कटाई और बुवाई के बीच हुई यह बरसात उनके लिए नुकसानदायक साबित हो सकती है। खेतों में तैयार फसल भीगने का खतरा बढ़ गया है। मौसम वैज्ञानिक आदित्य कुमार सिंह ने बताया कि यह बारिश पश्चिमी विक्षोभ का असर है। उन्होंने कहा कि झांसी समेत आसपास के इलाकों में बुधवार और गुरुवार को भी बारिश जारी रह सकती है। अगले तीन दिनों में जिले में 15 से 20 मिलीमीटर तक वर्षा दर्ज होने की संभावना है। मौसम विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि फिलहाल खेतों में अनावश्यक काम से बचें और फसलों को सुरक्षित रखने की व्यवस्था करें। बारिश के साथ हल्की ठंड भी लौट आई है, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है।