जामताड़ा | उपायुक्त रवि आनंद के निर्देश पर अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार ने 19 जून को मिहिजाम क्षेत्र में कई शिकायतों की स्थलीय जांच की। सबसे पहले आरके प्लस टू विद्यालय, मिहिजाम में आईटीडीए जामताड़ा के सौजन्य से बन रहे भवन की गुणवत्ता की जाँच की गई। निर्माण सामग्री को लेकर शिकायत मिली थी। इसके बाद जनवितरण प्रणाली विक्रेता ममता देवी, अनुज्ञप्ति संख्या 01/15, भुवन मोहन दत्ता रोड की दुकान की जाँच की गई। ममता देवी पर अभद्र व्यवहार और वितरण में अनियमितता की शिकायत थी। इसके अलावा एसबीआई मिहिजाम में त्रिनयन डेवलपर से जुड़ी शिकायत पर एसएआरबी रांची के पत्र के आधार पर जाँच की गई। नगर परिषद कार्यालय मिहिजाम से संचालित योजना में अनियमितता की शिकायत पर भी योजना की गहन जाँच की गई। भास्कर न्यूज | फतेहपुर उपायुक्त रवि आनंद ने गुरुवार को फतेहपुर प्रखंड सह अंचल कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यालय में रखी विभिन्न पंजियों का अवलोकन किया। समय पर संधारण और सुधार को लेकर निर्देश दिए। विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। मनरेगा, अबुआ आवास और प्रधानमंत्री आवास योजना की स्थिति जानी। सभी विभागों से योजनाओं की अद्यतन जानकारी ली। अधिकारियों और कर्मियों को समय पर कार्यालय आने और कार्य में सुधार लाने को कहा। उपायुक्त ने एकलव्य विद्यालय फतेहपुर का भी निरीक्षण किया। छात्रावास भवन, बेड, पुस्तकें, शिक्षक, पेयजल, बिजली और साफ-सफाई की स्थिति देखी। विद्यालय जल्द शुरू करने के लिए जरूरी तैयारी के निर्देश दिए। इसके बाद झारखंड बालिका आवासीय विद्यालय फतेहपुर का निरीक्षण किया। परिसर, क्लासरूम, किचेन, शौचालय और हॉस्टल की स्थिति देखी। किचेन में बच्चियों के लिए बने भोजन को चखा। गुणवत्ता की जांच की। साफ-सफाई और हवादार व्यवस्था बनाए रखने को कहा। बच्चियों को मेनू के अनुसार अच्छा भोजन देने के निर्देश दिए। पंजियों का भी अवलोकन कर जरूरी दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त निरंजन कुमार, परियोजना निदेशक आईटीडीए जुगनू मिंज, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी फतेहपुर सहित अन्य अधिकारी और कर्मी मौजूद रहे।