देवरिया में पिकअप की टक्कर से छात्र की मौत:सड़क किनारे पैदल चल रहा था, इंटर में पढ़ता था लड़का

Oct 31, 2025 - 21:00
 0
देवरिया में पिकअप की टक्कर से छात्र की मौत:सड़क किनारे पैदल चल रहा था, इंटर में पढ़ता था लड़का
देवरिया जिले के गौरीबाजार थाना क्षेत्र के खरोह गांव में शुक्रवार को एक सड़क हादसे में 17 वर्षीय छात्र किशन साहनी की मौत हो गई। किशन को एक तेज रफ्तार पिकअप ने टक्कर मार दी थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, किशन साहनी (पुत्र राजेश साहनी) खरोह चौराहे से कुछ दूरी आगे सड़क किनारे पैदल चल रहा था। तभी पीछे से आ रही एक पिकअप वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि किशन गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत घायल किशन को देवरिया मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। किशन इंटरमीडिएट का छात्र था और रोज़ की तरह किसी काम से जा रहा था। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में शोक छा गया। ग्रामीणों ने बताया कि दुर्घटनास्थल पर सड़क संकरी है और वाहन अक्सर तेज रफ्तार में गुजरते हैं। उन्होंने प्रशासन से सड़क पर स्पीड ब्रेकर और चेतावनी संकेत लगाने की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पिकअप वाहन को अपने कब्जे में ले लिया है। चालक की तलाश जारी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0