दो साल बाद महिला का कुएं से शव मिला:हत्या-अपहरण केस में दो गिरफ्तार, बेटे के साथ घर से निकली थी

Sep 30, 2025 - 21:00
 0
दो साल बाद महिला का कुएं से शव मिला:हत्या-अपहरण केस में दो गिरफ्तार, बेटे के साथ घर से निकली थी
हरदोई की संडीला पुलिस ने दो साल पुराने एक महिला के अपहरण और हत्या के मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। महिला का शव भी कुएं से बरामद किया है। महिला की पहचान 30 वर्षीय सोनम के रूप में हुई है। घटना 6 अगस्त 2023 को हुई थी। सोनम अपने 7 साल के बेटे सुद्धोधन के साथ थर्मस लेने बाजार गई थी, लेकिन फिर कभी घर नहीं लौटी। साल 2023 में संडीला थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था, लेकिन प्रारंभिक जांच में कोई ठोस सुराग नहीं मिल पाया था। 12 जून 2025 को सीओ संडीला संतोष कुमार सिंह के नेतृत्व में मामले की विवेचना फिर से शुरू की गई। सीडीआर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों से पता चला कि सोनम को मसीदुल उर्फ मसीद और समीदुल पुत्र अयूब ने अगवा किया था। आरोपियों ने सोनम को पहले अपने गांव जेहदीपुर ले जाकर रखा। बाद में उसे दिल्ली भेजने के प्रयास में उसकी हत्या कर शव को छिपा दिया। 30 सितंबर 2025 को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने अयूब पुत्र कल्लू और समीदुल पुत्र अयूब को गिरफ्तार किया। उनकी निशानदेही पर मृतका का शव कुएं से बरामद किया गया। कुएं से एक अजगर भी मिला, जिसे वन विभाग की टीम ने सुरक्षित निकाला। बरामद शव के साथ मिले कपड़े, सैंडल और हेयर क्लिप को मृतका के परिजनों ने सोनम के रूप में पहचाना। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस अधीक्षक ने 20,000 रुपए के नकद पुरस्कार से टीम को सम्मानित किया। टीम में निरीक्षक इंद्रेश कुमार यादव, उप निरीक्षक कौशल किशोर यादव, हेड कांस्टेबल राजेश कुमार दुबे, कांस्टेबल शुभम सोनकर, देवानंद, अर्जुन सैनी, सचिन शाक्य, महिला कांस्टेबल शिवा कुमारी और सर्विलांस टीम के नितिन कुमार व ओमवीर शामिल थे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0