स्पॉट : कासना, ग्रेटर नोएडा टाइम : 5.30 बजे (शाम), 21 अगस्त, 2025। निक्की भाटी को उसका पति विपिन बालों से खींचते हुए पीट रहा था। वो चीख रही थी- मुझे छोड़ दो... जाने दो। लेकिन, विपिन के सिर पर गुस्सा सवार था। वो कभी दीवार पर हाथ मारता, कभी पत्नी को थप्पड़..। अचानक विपिन को थिनर की शीशी दिखी। उसने मेज से वो शीशी उठाई। कहने लगा- तू ऐसे नहीं मानेगी। फिर थिनर को तेजी से निक्की पर छिड़क दिया। इसके बाद लाइटर की एक चिंगारी से निक्की आग की लपटों के बीच फंस गई। वह आग की जलन से परेशान होकर बचने के लिए सीढ़ियों से नीचे उतरने लगी, लेकिन ज्यादा आगे जा नहीं पाई। लड़खड़ाते कदमों से वहीं बैठ गई। सेकेंड फ्लोर पर रहने वाली उसकी बड़ी बहन कंचन पानी लेकर आई और उसके ऊपर डाल दिया। इसके बाद परिवारवाले निक्की को फोर्टिस हॉस्पिटल ले गया। फिर सफदरगंज हॉस्पिटल (दिल्ली) ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर उसको बचा नहीं पाए। पूरी घटना की चश्मदीद गवाह खुद बड़ी बहन कंचन है। उसने विपिन के मारपीट करते हुए और निक्की के आग में घिरे होने के वीडियो भी बनाए। अब वही पूरे परिवार के खिलाफ अहम सबूत हैं। कासना थाने की पुलिस निक्की की मौत की जांच कर रही है। अभी तक की पुलिस पूछताछ में सामने आया कि विपिन सिर्फ दहेज के लिए निक्की को परेशान नहीं कर रहा था। वह 2 और वजहों से भी नाराज रहता था। पहली वजह- निक्की को उसके पिता ने ब्यूटी पॉर्लर खुलवाकर दिया था। निक्की दिन का समय वहां देने लगी थी। दूसरी वजह- निक्की और कंचन, दोनों बहनें इंस्टाग्राम पर रील्स पोस्ट करती थीं। विपिन इसके लिए मना करता था। निक्की को इंसाफ दिलाने के लिए लोग सड़क पर हैं। परिवार कह रहा है कि विपिन के घर पर बुलडोजर चलना चाहिए। पुलिस ने 4 दिन में क्या जांच की? कितने लोग अरेस्ट हुए? पढ़िए निक्की की खुशनुमा जिंदगी से दर्दनाक मौत तक की पूरी कहानी… पिता बोले- विपिन मेरी मर्सिडीज चाहता था, मैंने नहीं दी थी
निक्की के पिता सत्यवीर सिंह बताते हैं- मैंने अपनी दो बेटियों कंचन और निक्की की शादियां एक ही परिवार में कीं। सोचा था, दोनों सुकून से एक ही घर में रहेंगी, सुखी रहेंगी। ये नहीं पता था कि परिवार में ऐसा सलूक होगा। ये 2016 की बात है। मैंने बड़ी बेटी कंचन की शादी रोहित भाटी से तय की थी। फिर उन्होंने विपिन के लिए निक्की का हाथ मांग लिया। हमने भी रिश्ता तय कर दिया। शादी में खूब खर्च किया। उन लोगों ने पहले स्कॉर्पियो, फिर बुलेट और उसके बाद 35 लाख रुपए की मांग रखी। दोनों भाई जॉब नहीं करते थे। कुछ न कुछ ऐसा करते थे कि हम लोग रुपए देने को मजबूर हो जाए। मैंने हाल में एक मर्सिडीज कार खरीदी थी। विपिन चाहता था कि मैं ये कार उसको गिफ्ट कर दूं। वो कई बार निक्की से कह चुका था। मैं जानता था कि ऐसा करते ही वो कुछ और भी मांगेगा। आखिर कब तक देता रहूंगा? भाई बोले- निक्की कहती थी, मैं बेटे की परवरिश कर लूंगी
निक्की के भाई अतुल ने बताया- 2024 में विपिन किसी लड़की के साथ दिल्ली में रंगेहाथ पकड़ा गया था। उसका वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है। इसमें उसका बड़ा भाई और मां भी दिख रहे हैं, जो उसे बचा रहे हैं। कार में एक लड़की बैठी है। बताते हैं कि उसके साथ ही विपिन का अफेयर चल रहा था। निक्की ने हमें पूरी कहानी सुनाई थी। तब निक्की हमारे घर आ गई थी। बाद में दोनों परिवार एक साथ बैठे। समझौता हुआ कि अब विपिन कोई गलत काम नहीं करेगा। इसके बाद निक्की उनके घर रहने चली गई थी। अतुल ने कहा कि विपिन कोई काम-धंधा नहीं करता था। उनके पिता की जनरल मर्चेंट की शॉप है, इसमें ही विपिन बैठता था। वह अक्सर काउंटर से रुपए निकाल लेता था। इन्हीं रुपए से वह अय्याशी करता था। वह कहते हैं- इतना सब होने के बाद भी निक्की ससुराल में ही रहती थी। हम लोगों से यही कहती थी कि मैं अपने बच्चे की परवरिश भी कर लूंगी। वो एडजेस्ट कर रही थी। लेकिन, उसकी सास नहीं चाहती थी कि निक्की वहां रहे। वो उसको घर से निकालने पर उतारू थी। जिससे मेरे पिता उन लोगों को पैसा भेजते रहे। कंचन बोलीं- निक्की अपनी जिंदगी की भीख मांगती रही…
कंचन कहती हैं- मुझे यही दर्द रहेगा कि मैं उसी घर में रहती थी, लेकिन निक्की को बचा नहीं सकी। जिस समय यह सब हुआ, मैं नीचे की मंजिल पर थी। मेरी तबीयत ठीक नहीं थी। हाथ में ड्रिप लगी थी। अंदर बेडरूम में आराम कर रही थी। अचानक बचाओ…बचाओ की आवाजें सुनाई दीं। मैं बाहर आई, तो होश उड़ गए। निक्की का शरीर आग की लपटों से घिरा था। वह नीचे की तरफ भाग रही थी। वो सिर्फ अपनी जिंदगी के लिए भीख मांग रही थी। विपिन और उनकी मां वहीं पर थे। मैंने एक हाथ से उसे बचाने का प्रयास किया, दूसरे हाथ से वीडियो बनाने लगी। क्योंकि, मुझे इन लोगों का व्यवहार पता था। कौन हमारी बात को बाद में मानता कि हमारे साथ क्या सलूक किया जा रहा है? निक्की का बेटा बोला- पापा ने मम्मी को पीटा
निक्की का 5 साल का बेटा फिलहाल अपने नाना के घर रूपवास गांव में है। जिस दिन घटना हुई थी, उस वक्त वह विपिन के घर पर ही था। वह उस दिन के वाकए को याद करके रोने लगता है। हमने उससे पूछा- उस दिन क्या हुआ था? उसने बताया- पापा पहले मम्मी को पीट रहे थे। फिर कुछ छिड़का और लाइटर से आग लगा दी। इसके बाद बेटा फिर से रोने लगा। अब जानिए पुलिस एक्शन के बारे में विपिन 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल गया
निक्की की बड़ी बहन कंचन भी मायके में रह रही है। उसके सामने में घटना हुई, जिसका वीडियो भी कंचन ने ही बनाया था। साथ ही वह इस हत्याकांड में गवाह भी है। पुलिस उसका बयान दर्ज कर मामले में जांच कर रही है। पुलिस ने इस मामले में पति विपिन, सास दया, जेठ रोहित भाटी और ससुर सत्यवीर को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। निक्की की मौत से जुड़े 8 सवाल, जिनके जवाब पुलिस तलाश रही पुलिस निक्की की मौत से जुड़े सवालों की जांच कर रही है। दोनों परिवारों के बयान दर्ज हो चुके है। वीडियो को फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। पुलिस इस केस की कड़ियों को जोड़ने के लिए 10 सवालों के जवाब ढूंढ रही है। अब पढ़िए एक्सपर्ट क्या कहते हैं वकील बोले- मजबूत ट्रायल से सजा मिलेगी
इस मामले में दिल्ली हाईकोर्ट के सीनियर एडवोकेट इरफान फिरदौस से दैनिक भास्कर ने बात की। उन्होंने बताया- बीएनएस की धारा 103(1) के तहत अपराधी को उम्रकैद या मृत्युदंड देने का प्रावधान है। मृत्युदंड तभी दिया जाता है, जब कोर्ट ये माने की केस रेयर ऑफ द रेयरेस्ट है। बीएनएस की धारा 115 (2) तभी लगाई जाती है, जब जानबूझकर किसी को चोट पहुंचाई जाए। इस मामले में एक साल की सजा का प्रावधान है। इसी तरह बीएनएस 61(2) में दो कंडीशन हैं। पहली- अगर शादी के 7 साल हुए हैं, तो दहेज हत्या जैसे मामले में 7 साल की सजा। यहां शादी के 9 साल हो चुके है, इसलिए 2 साल की सजा का प्रावधान है। देखना यह है कि ट्रायल कितनी मजबूती से लड़ा जाता है। चूंकि विटनेस घर के अंदर मौजूद था। इसलिए ट्रायल इफेक्ट कर सकता है। इस मामले में इंडिपेंडेंट विटनेस नहीं है। क्योंकि, जब आग लगी तो निक्की सीढ़ियों से नीचे उतर रही थी। जबकि, एक सीसीटीवी में उसका पति ही उसे अस्पताल ले जाते दिख रहा है। ये कहीं न कहीं इफेक्ट करेगा। जहां तक दहेज हत्या की बात है, बियांड रिजनेबल डाउट इससे पहले दहेज के लिए किए गए फोन, लेटर या कोई चैट जिसे वेरिफाइड किया जा सके। वह बहुत महत्वपूर्ण होगा।
-------------------------------- यह खबर भी पढ़ें : नोएडा में पत्नी को जलाने वाला बोला- मुझे पछतावा नहीं, पिता ने कहा- दरिंदे को फांसी दी जाए नोएडा में पत्नी को जिंदा जलाने वाले विपिन भाटी का पुलिस ने एनकाउंटर किया। उसके पैर पर गोली मारी। बावजूद इसके अकड़ कम नहीं हुई। वहीं, निक्की के पिता और परिवार की आंखों में दर्द और गुस्सा है। पिता ने कहा, शादी में गाड़ी, सोना, कैश मिलने के बाद भी और दहेज के लिए निक्की को जला दिया गया। दरिंदे को फांसी दी जानी चाहिए। पढ़ें पूरी खबर... नोएडा के निक्की हत्याकांड में सास-ससुर समेत 4 गिरफ्तार:जब पीड़िता को जिंदा जलाया तो पति बाहर था, सीसीटीवी से उलझी पुलिस ग्रेटर नोएडा के निक्की हत्याकांड में पुलिस ने फरार चल रहे जेठ और ससुर को गिरफ्तार कर लिया है। कासना थाने की पुलिस ने सोमवार सुबह जेठ रोहित भाटी और ससुर सतवीर को सिरसा टोल और चौराहे के पास से गिरफ्तार किया। दोनों आरोपी विवाहिता निक्की को जिंदा जलाए जाने के बाद से ही फरार थे। पढ़िए पूरी खबर...