महाराजगंज के पनियरा नगर पंचायत के वार्ड नंबर 10 दीन दयाल नगर में एक दंपत्ति की कुछ ही मिनटों के अंतराल पर मौत हो गई। 70 वर्षीय पति लालमन सिंह की मृत्यु के सदमे को उनकी 62 वर्षीय पत्नी रूमाली देवी सहन नहीं कर सकीं और उन्होंने भी प्राण त्याग दिए। दोनों का अंतिम संस्कार एक ही चिता पर किया गया, जिससे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है। जानकारी के अनुसार, लालमन सिंह काफी समय से बीमार चल रहे थे। बुधवार रात को वह खाना खाकर सोए थे। सुबह जब उनकी पत्नी रूमाली देवी ने उन्हें जगाने की कोशिश की, तो उनके शरीर में कोई हलचल नहीं हुई। पति को मृत पाकर रूमाली देवी जोर-जोर से रोने लगीं। चीख-पुकार सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, रूमाली देवी अपने पति के वियोग में दो-तीन बार जोर से चिल्लाईं और अचानक अचेत होकर गिर पड़ीं। परिजन उन्हें संभाल पाते, उससे पहले ही उनकी भी मौत हो गई। घर में एक साथ दो मौतों से कोहराम मच गया। लालमन सिंह और रूमाली देवी अपने पीछे तीन बेटों—जगदीश, प्रदीप और संदीप—का परिवार छोड़ गए हैं। मोहल्ले वालों ने बताया कि उन्होंने ऐसी घटना पहले कभी नहीं देखी। दंपत्ति का अंतिम संस्कार भौराबारी पुल के पास रोहिन नदी के तट पर किया गया। दोनों के शवों को एक ही चिता पर रखकर अंतिम विदाई दी गई। इस घटना को लेकर पूरे इलाके में चर्चा हो रही है।