देवरिया के मदनपुर थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। खुदिया बुजुर्ग गांव में एक 35 वर्षीय मजदूर का शव पेड़ से लटकता हुआ मिला। मृतक की पहचान वशिष्ठ प्रसाद के रूप में हुई है। बुधवार रात को वशिष्ठ प्रसाद की पत्नी से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। विवाद के बाद वह बिना खाना खाए घर से निकल गए। परिजनों ने रात में आसपास के घरों में उनकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। गुरुवार सुबह जब गांव के लोग खेत की तरफ गए, तो उन्होंने एक पेड़ की डाल से वशिष्ठ को गमछे के सहारे लटका हुआ देखा। स्थानीय लोगों ने तुरंत मदनपुर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी अनिल कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। मृतक स्वर्गीय भोला प्रसाद के पुत्र थे और मजदूरी करके अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। पुलिस ने परिजनों का बयान दर्ज कर लिया है और मामले की जांच कर रही है।