महोबा के कबरई थाना क्षेत्र के पहरा गांव में एक मजदूर की पहाड़ से गिरकर मौत हो गई। 40 वर्षीय रमेश नाम का मजदूर पहाड़ पर काम करने के दौरान संतुलन खो बैठा। वह 200 फीट गहरी खाई में पत्थरों पर जा गिरा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, रमेश जैसे ही पहाड़ पर चढ़कर काम शुरू करने वाला था, उसका पैर फिसल गया। गिरते समय वह चट्टानों से टकराया। सिर और शरीर पर गंभीर चोटों के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया। मृतक के परिवार में पत्नी और पांच छोटे बच्चे हैं। रमेश कई वर्षों से दैनिक मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण कर रहा था। परिजनों ने जिला प्रशासन और पहाड़ संचालक कल्याण सिंह से 18 लाख रुपए की आर्थिक सहायता मांगी है। ग्रामीणों ने भी प्रशासन से तत्काल सहायता की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पहाड़ संचालक से पूछताछ जारी है।