फतेहपुर जिले की खागा तहसील में शारदीय नवरात्र के दसवें दिन बुधवार को देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। मंदिरों और दुर्गा पंडालों में माता के जयघोष गूंजते रहे। इस दौरान कन्या भोज, देवी जागरण, रामलीला, रासलीला और जवाबी कीर्तन जैसे धार्मिक आयोजनों का सिलसिला जारी रहा। तहसील क्षेत्र के सिद्ध शक्तिपीठ मंदिरों सहित अन्य देवी मंदिरों में सुबह से ही भक्तों का तांता लगा रहा। भजन-कीर्तन और लांगुरियों की धुन पर श्रद्धालु झूमते दिखे। दिन भर मंदिरों में मेले जैसा माहौल बना रहा, जिसमें महिलाओं की विशेष उपस्थिति दर्ज की गई। देखें 10 तस्वीरें... खागा तहसील के किशनपुर में 242 वर्ष पुरानी ऐतिहासिक रामलीला देखने के लिए दूर-दूर से लोग जुट रहे हैं। इस रामलीला का मंचन स्थानीय कलाकारों द्वारा किया जा रहा है, जिसकी दर्शक खूब सराहना कर रहे हैं। किशनपुर कमेटी के अध्यक्ष उत्तम सिंह ने बताया कि 15 दिवसीय यह रामलीला बाबा फाल्गुन गिरी जी महाराज के आशीर्वाद से निरंतर आयोजित की जा रही है। इसकी शुरुआत वाराणसी की रामलीला की तर्ज पर हुई थी। इसी प्रकार, तहसील क्षेत्र के हथगांव में भी 15 दिवसीय ऐतिहासिक रामलीला में भक्तों की भीड़ उमड़ रही है। दशहरा पर्व के मद्देनजर रावण मेला मैदान की साफ-सफाई का कार्य युद्धस्तर पर जारी है। राम-रावण युद्ध और रावण वध देखने के लिए बड़ी संख्या में लोगों के जुटने की उम्मीद है। नगर पंचायत प्रशासन साफ-सफाई और पुलिस प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने में जुटा है। क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में रामलीला के अतिरिक्त रासलीला, जवाबी कीर्तन, नृत्य और गायन जैसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जा रहे हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना हुआ है। इस बार नवरात्र 10 दिनों तक चलेंगे क्योंकि चतुर्थी तिथि की वृद्धि होने की वजह से 2 दिनों तक माता कुष्मांडा की पूजा-अर्चना की गयी। आज नवमी तिथि के साथ ही माता सिद्धिदात्री का दर्शन पूजन एवं विधि-विधानपूर्वक विसर्जन की तैयारी शुरू कर दी गयी है। सजाए गए दुर्गा पंडालो एवं घरों में जहां एक तरफ माता रानी के पारण को लेकर कार्यक्रम शुरू कर दिए गए हैं। वहीं विसर्जन कार्यक्रम भी शुरू हो चुके हैं जो लगातार कल दशहरा तक जारी रहेंगे।