भास्कर न्यूज | फतेहपुर फतेहपुर बाजार में शुक्रवार को रथयात्रा पर्व पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया। सुबह से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। जगन्नाथ मंदिर परिसर में विशेष पूजा-अर्चना हुई। इसके बाद भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा की भव्य रथयात्रा निकाली गई। सैकड़ों भक्तों ने रस्सी से रथ खींचकर नगर भ्रमण कराया। यात्रा मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने आरती उतारी। शीतल पेय और प्रसाद वितरण की व्यवस्था रही। महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में भजन-कीर्तन करती दिखीं। स्थानीय युवा, ग्रामीण, व्यापारी और प्रशासनिक अधिकारी यात्रा में शामिल हुए। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहे। फतेहपुर थाना पुलिस ने यातायात नियंत्रित किया। आयोजन समिति ने बताया, रथयात्रा पर्व वर्षों से यहां की सांस्कृतिक विरासत का हिस्सा है। यह पर्व आपसी भाईचारे और धार्मिक एकता का संदेश देता है।