फतेहपुर में बांके बिहारी मंदिर से दर्शन कर लौट रही 46 वर्षीय माया गुप्ता की नगर पालिका की गाड़ी की टक्कर से मौत हो गई। हादसा शाम 7 बजे शांति नगर के पास हुआ। माया गुप्ता अपनी सहेली पूनम के साथ मंदिर से पैदल लौट रही थीं। इसी दौरान नगर पालिका की गाड़ी ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक गाड़ी छोड़कर फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने ई-रिक्शा से घायल माया को जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। माया ज्वालागंज मोहल्ले के रहने वाले रामू गुप्ता की पत्नी थीं। पूनम के अनुसार, चालक नशे में था और तेज रफ्तार में गाड़ी चला रहा था। कोतवाली प्रभारी तारकेश्वर राय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रामू गुप्ता की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक अभिमन्यु सिंह कर रहे हैं।