फिरोजाबाद के थाना मख्खनपुर क्षेत्र में एक दुखद घटना सामने आई है। अंगदपुर गांव स्थित एक ईंट भट्टे पर किशोरी शिवानी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना शनिवार की रात करीब 9 बजे की है। किशोरी के भाई पुष्पेंद्र कुमार ने बताया कि परिवार के सभी सदस्य बाजार गए हुए थे। शिवानी घर पर अकेली थी। बाजार में उन्हें फोन पर सूचना मिली कि उनकी बहन ने फांसी लगा ली है। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को खबर दी। परिजनों ने पुलिस को बताया कि जब वह बाजार जा रहे थे, तब वह शिवानी को घर पर अकेला छोड़ गए थे। उस समय तक उसके मन में क्या चल रहा है उन्हें कुछ जानकारी नहीं थी। बाजार में जाए हुए उन्हें करीब एक घंटा ही बीता था कि तभी पड़ोस के लोगों ने घटना की जानकारी दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इंस्पेक्टर मख्खनपुर ने बताया कि आत्महत्या के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस परिजनों से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है।