बदायूं में आज विजयादशमी का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। श्रीराम लीला महोत्सव कमेटी के तत्वावधान में रामलीला मैदान में रावण और मेघनाद के पुतलों का दहन किया जाएगा। दहन से पहले लंका दहन की लीला का मंचन होगा। शाम को श्रीराम-रावण युद्ध की शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसमें जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी भी शामिल होंगे। रामलीला मैदान में रावण का 45 फीट ऊँचा और मेघनाद का 40 फीट ऊँचा पुतला तैयार किया जा रहा है। दहन के दौरान आतिशबाजी और पटाखों का विशेष आकर्षण रहेगा। मैदान में सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस ने विशेष प्रबंध किए हैं। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन ने बैरिकेडिंग की है। अधिकारियों ने बताया कि कार्यक्रम शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जाएगा। शाम होते ही हजारों की संख्या में श्रद्धालु रामलीला मैदान में एकत्र होकर रावण दहन के साक्षी बनेंगे।