आदर्श नगर पंचायत सिकंदरपुर में रविवार को 60 वर्षीय केवला देवी का ब्रेन स्ट्रोक से निधन हो गया। उन्हें दोपहर करीब 11 बजे अचानक ब्रेन हेमरेज हुआ, जिसके बाद परिजन उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिकंदरपुर ले गए। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रेफर कर दिया। एंबुलेंस से अन्यत्र ले जाते समय उनकी हालत और बिगड़ गई और उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के पास ही दम तोड़ दिया। जांच में अत्यधिक उच्च रक्तचाप को ब्रेन स्ट्रोक का कारण बताया गया है। मृतका केवला देवी भाजपा नेता मिठाई लाल की बहन थीं। उनके असामयिक निधन की खबर मिलते ही परिवार और पूरे मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई। स्थानीय लोगों ने बताया कि केवला देवी मिलनसार और धार्मिक प्रवृत्ति की महिला थीं। उनके निधन से मोहल्ले में गहरा सन्नाटा पसर गया है। बड़ी संख्या में लोगों ने उनके घर पहुंचकर परिजनों को सांत्वना दी और श्रद्धांजलि अर्पित की।