लखनऊ के बसंतकुंज सेक्टर ए के 272 भूखंडों को लेकर LDA और आवंटी के बीच लंबे समय से जारी संघर्ष अब निर्णायक मोड़ पर पहुंचता दिख रहा है। रविवार को आवंटीजन कल्याण समिति ने अधिवेशन कर संगठन को सशक्त बनाया और नई कार्यकारिणी का गठन किया। बैठक में आवंटियों ने एक सुर में मांग दोहराई कि उन्हें शीघ्र कब्जा दिया जाए। बैठक में समिति के सचिव संजय वर्मा ने बताया कि कार्यकारिणी के पुनर्गठन के उद्देश्य से यह अधिवेशन आयोजित किया गया। सर्वसम्मति से संतोष सिंह को अध्यक्ष चुना गया, जबकि वीरेंद्र शुक्ला को उपाध्यक्ष, तनवीर फातिमा को कोषाध्यक्ष, चंद्र प्रकाश को प्रचार मंत्री, जीपी कनौजिया को वरिष्ठ नागरिक प्रकोष्ठ का प्रभारी और कंचन को महिला प्रकोष्ठ की जिम्मेदारी दी गई। आश्वासन से आशा, पर आंख मूंदकर भरोसा नही
नवनियुक्त अध्यक्ष संतोष सिंह ने कहा हम LDA के आश्वासन से आशान्वित जरूर हैं, लेकिन आंख मूंदकर भरोसा नहीं कर सकते। LDA की योजना और जमीनी सच्चाई में बड़ा अंतर है। समिति अब संघर्ष को निर्णायक मोड़ पर ले जाने के लिए सभी विकल्पों पर गंभीरता से विचार कर रही है। 26 मई को हटेगा कब्जा, पुलिस बल रहेगा तैनात
LDA ने सेक्टर ए के 272 भूखंडों से अतिक्रमण हटाने के लिए 26 मई की तारीख तय की है। इसके लिए पुलिस बल की मांग की गई है। प्राधिकरण के अधिकारियों की टीम पुलिस के साथ मौके पर मौजूद रहेगी। अतिक्रमण हटाकर वैध आवंटियों को कब्जा सौंपा जाएगा। संभावित विरोध की आशंका, कब्जेदार भी मोर्चेबंदी में जुटे
उधर, जिन लोगों ने भूखंडों पर कब्जा कर रखा है, उन्होंने भी मोर्चा कस लिया है। सूत्रों के अनुसार, कब्जा हटाने के प्रयासों का विरोध हो सकता है। ऐसे में प्रशासन के लिए 26 मई को चुनौतीपूर्ण दिन हो सकता है।