बहराइच में असत्य पर सत्य की जीत का प्रतीक विजय दशमी का पर्व धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर नगर के रामलीला मैदान में देर शाम रावण दहन किया गया, जिसके बाद पूरा इलाका भगवान राम के जयकारों से गूंज उठा। नगर के झिंगहा घाट स्थित मौनी बाबा आश्रम के रामलीला मैदान में गुरुवार देर शाम सात बजे भगवान राम के बाण लगते ही लंकापति रावण का पुतला धू-धू कर जल उठा। इस दौरान भव्य आतिशबाजी भी की गई। रावण दहन देखने के लिए हजारों की संख्या में लोग रामलीला मैदान पहुंचे थे। जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी और पुलिस अधीक्षक राम नयन सिंह भी इस अवसर पर मौजूद रहे। उन्होंने लोगों को विजय दशमी की शुभकामनाएं दीं और भगवान राम के जीवन चरित्र को आत्मसात करने का आह्वान किया। अधिकारियों ने सभी से आपसी प्रेम और भाईचारे के साथ पर्व मनाने की अपील की।इस आयोजन में पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष और रामलीला कमेटी के अध्यक्ष श्याम करण टेकरीवाल, राहुल राय, सचिन श्रीवास्तव सहित रामलीला कमेटी के अन्य पदाधिकारी और सदस्य भी उपस्थित रहे।