अमरोहा के डिडौली थाना क्षेत्र में एक सड़क हादसे में महिला की मौत हो गई। नेशनल हाईवे पार करते समय एक मोटरसाइकिल ने महिला को टक्कर मार दी थी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई थी। उपचार के दौरान देर रात महिला ने दम तोड़ दिया। यह घटना डिडौली बस अड्डे के पास नेशनल हाईवे पर हुई। दिल्ली की दिशा से आ रही एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने फूलवती देवी (पत्नी जयपाल सिंह, निवासी डिडौली) को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि महिला हवा में उछलकर सड़क पर जा गिरी। इस पूरी घटना का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने घायल महिला को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। डिडौली पुलिस ने भी ग्रामीणों की मदद से एंबुलेंस के जरिए महिला को जोया सीएचसी में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने महिला की गंभीर हालत को देखते हुए उसे मुरादाबाद रेफर कर दिया था। हालांकि, देर रात उपचार के दौरान महिला ने दम तोड़ दिया। घटना के समय महिला खेत से काम करके लौट रही थी।