बिजनौर में गुरुवार सुबह मौसम ने करवट ली। साढ़े सात बजे काले बादल छाए और 15 मिनट बाद बारिश शुरू हो गई। बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली है। तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। बुधवार को जहां तापमान 34.8 डिग्री था, वह घटकर 26 डिग्री के आसपास पहुंच गया है। किसानों को उम्मीद है कि इस बारिश से गन्ना और आम की फसल को विशेष लाभ होगा। पिछले कई दिनों से जिले में भीषण गर्मी के कारण बिजली व्यवस्था पर दबाव था। 24 घंटे में कई घंटों की कटौती हो रही थी। रविवार को भी जिले के कई हिस्सों में बारिश हुई थी। कृषि अनुसंधान केंद्र नगीना के आंकड़ों के अनुसार, 14 जून को अधिकतम तापमान 37.2 और न्यूनतम 21.4 डिग्री रहा। 15 जून को अधिकतम 28.0 और न्यूनतम 21.2 डिग्री दर्ज किया गया, जिस दिन 22 मिमी बारिश हुई। 16 जून को अधिकतम 32.4 और न्यूनतम 21.0 डिग्री रहा। 17 जून को अधिकतम 35.0 और न्यूनतम 25.2 डिग्री, तथा 18 जून को अधिकतम 34.8 और न्यूनतम 25.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।