बेकाबू पिकअप खाई में गिरी, 4-बच्चों सहित 5 की मौत:15 लोग घायल; बहन के घर मायरा लेकर जा रहा था परिवार

May 7, 2025 - 00:00
 0
बेकाबू पिकअप खाई में गिरी, 4-बच्चों सहित 5 की मौत:15 लोग घायल; बहन के घर मायरा लेकर जा रहा था परिवार
राजसमंद में एक पिकअप बेकाबू होकर 20 फीट गहरी खाई में गिर गई। हादसे में 4 बच्चों सहित 5 लोगों की मौत हो गई। करीब 15 लोग घायल हो गए। हादसा भीम थाना क्षेत्र में मंगलवार रात करीब 7:30 बजे हुआ। सभी घायलों को भीम के सरकारी हॉस्पिटल पहुंचाया गया। इनमें से गंभीर हालत होने पर 9 लोगों को ब्यावर रेफर कर दिया। पुलिस के अनुसार, पाली में मारवाड़ के बोरीमादा सारण गांव का एक परिवार मायरा लेकर राजसमंद के भीम क्षेत्र के दर्रा गांव जा रहा था। परिवार के करीब 35 लोग 2 पिकअप गाड़ी में सवार थे। भीम थाना सर्किल के टिबाणा और थानेटा गांव के पास आगे चल रही पिकअप की सापट टूट गई। वह बेकाबू होकर खाई में गिर गई। इस पिकअप में 20 लोग सवार थे। इनमें से चार बच्चों और एक युवक की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलने पर भीम थाना पुलिस मौके पर पहुंची। हादसे के बाद पिकअप वाहन चालक मौके से फरार हो गया। जानकारी के अनुसार, यह परिवार दर्रा गांव में कुशाल सिंह पुत्र सोहन सिंह रावत के यहां मायरा लेकर जा रहा था। देखिए, हादसे की PHOTOS... मरने वाले बच्चों में दो भाई भी थे बोरीमदा (पाली) निवासी धर्मा उर्फ धर्मेंद्र सिंह (14) पुत्र हेमसिंह, युवराज (13) पुत्र भेरू सिंह रावत, मोड़ा सिंह (14) पुत्र भेरु सिंह रावत, हरदेव सिंह (13) पुत्र राजू सिंह रावत और नेन सिंह (32) पुत्र पन्ना सिंह रावत की मौत हो गई। गंभीर घायल मेघ सिंह (35) पुत्र पन्ना सिंह, नारायण सिंह (40) पुत्र पन्ना सिंह, सूरत सिंह (12) पुत्र नारायण सिंह, हेम सिंह पुत्र पन्ना सिंह, अशोक सिंह (35) पुत्र अर्जुन सिंह, मुकेश (19) पुत्र भगवान सिंह, भगवान सिंह (48) पुत्र मंगल सिंह, जितेंद्र सिंह (13) पुत्र गोपाल सिंह और सुरेंद्र सिंह (62) पुत्र सोहन सिंह को ब्यावर रेफर किया गया। जबकि 6 घायलों का भीम के सरकारी हॉस्पिटल में इलाज जारी है। हादसे की सूचना मिलने पर उपखंड अधिकारी दुदाराम हुड्डा, पुलिस उप अधीक्षक पारसमल और भीम थाना इंचार्ज भंवर लाल कुमावत भीम के सरकारी हॉस्पिटल पहुंचे। कलेक्टर बालमुकुंद असावा और राजसमंद पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने अस्पताल पहुंच कर घायलों के हाल जाने। राजसमंद कलेक्टर ने ब्यावर कलेक्टर से बात कर गंभीर घायलों की जानकारी ली।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0