असम के होजाई में हाथियों के एक झुंड से ट्रेन की टक्कर के बाद मरने वाले हाथियों की संख्या बढ़कर 8 हो गई है। हादसे में घायल एक हाथी के बच्चे ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। यह भीषण दुर्घटना शनिवार तड़के सैरांग-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस से हुई थी, जब ट्रेन चंगजुराई गांव के पास हाथियों के झुंड से टकरा गई। हादसे में ट्रेन के 5 डिब्बे और इंजन पटरी से उतर गए। घटना के बाद रेलवे ने 12 घंटे के लिए गति नियंत्रण का आदेश जारी किया था। उधर, केंद्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने घटना पर गंभीर चिंता जताते हुए असम सरकार से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। उन्होंने कहा कि सभी राज्यों को रेलवे पटरियों के पास हाथियों की आवाजाही पर निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। आज की अन्य बड़ी खबरें... कोलकाता में कार्यक्रम के लिए मेसी को 89 करोड़ रुपए दिए गए कोलकाता में कार्यक्रम के लिए लियोनेल मेसी को 89 करोड़ रुपए का भुगतान किया गया। इसी के साथ 11 करोड़ रुपए सरकार को टैक्स भी दिया गया। इस तरह कुल खर्च 100 करोड़ रुपए हुआ। मुख्य आयोजक सताद्रु दत्ता ने एसआईटी को बताया है कि 30% राशि प्रायोजकों से मिली। शेष 30% टिकटों की बिक्री से जुटाई। मुंबई के होटल की किचन में आग लगी, दो लोग घायल दक्षिण मुंबई में रविवार दोपहर एक होटल की किचन में आग लगने से दो लोग घायल हो गए। घटना शाम करीब 4:30 बजे ताज होटल के पीछे बोमन बेहराम मार्ग पर स्थित कोलाबा सोशल बार एंड रेस्टोरेंट में हुई। अधिकारियों के मुताबिक, पांच मंजिला इमारत के बेसमेंट में बने होटल के किचन एरिया में आग लगी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और शाम 4:56 बजे तक आग पर काबू पा लिया गया। हादसे में दो लोग घायल हुए। इनमें सुनील सिंह (28) को करीब 5 प्रतिशत जलन आई। उन्होंने मेडिकल सलाह के खिलाफ अस्पताल से डिस्चार्ज ले लिया। दूसरे घायल सुब्रत बरई (35) को 15 प्रतिशत जलने के साथ सेंट जॉर्ज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दिल्ली में 2,000 रुपए का कर्ज न चुकाने पर युवक पर चाकू से हमला, दो आरोपी गिरफ्तार दिल्ली के रोहिणी के बुध विहार इलाके में 19 वर्षीय पेंटर पर 2,000 रुपए का कर्ज न चुकाने को लेकर चाकू से हमला किया गया। हमले में युवक की गर्दन पर गंभीर चोट आई। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, घायल की पहचान कुलदीप के रूप में हुई है। शनिवार को श्याम कॉलोनी की एक गली में कर्ज चुकाने को लेकर कुलदीप और रतन के बीच बहस हुई, जो बाद में हिंसक हो गई। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि दोपहर 1:55 बजे PCR कॉल के जरिए घटना की सूचना मिली। पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक घायल को डॉ. बाबा साहेब आंबेडकर अस्पताल ले जाया जा चुका था। आरोपी के साथ श्यामवीर भी मौजूद था, जिसे मौके पर समर्थन के लिए बुलाया गया था।