मऊ में महिला सशक्तिकरण अभियान के तहत शुक्रवार को कक्षा 8 की छात्रा अनुष्का को एक दिन के लिए सांकेतिक मुख्य विकास अधिकारी (CDO) बनाया गया। विकास भवन में पहुंचने पर मुख्य विकास अधिकारी प्रशांत नागर ने उनका फूलों की माला पहनाकर स्वागत किया और कुर्सी पर बैठाकर अधिकारियों के साथ मीटिंग कराई। अनुष्का ने विकास भवन में चल रहे कार्यों की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को शिकायत निस्तारण व सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने इस दौरान कहा कि सड़कें बननी चाहिए और नालियां साफ़ होनी चाहिए। मुख्य विकास अधिकारी प्रशांत नागर ने बताया कि यह पहल मिशन शक्ति फेज 5 का हिस्सा है। इस अभियान के तहत जिलाधिकारी प्रवीण मिश्र और पुलिस अधीक्षक इलामारन जी जिले में महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, आत्मनिर्भरता और सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के लिए लगातार कार्यक्रम आयोजित कर रहे हैं। अनुष्का ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि उन्हें यह जिम्मेदारी पाकर बहुत अच्छा लगा। उन्होंने मिशन शक्ति फेज 5 को महिलाओं की सुरक्षा और जागरूकता के लिए सराहनीय कदम बताया।