मथुरा के गोविंद नगर इलाके में रविवार दोपहर करीब 12 बजे एक साथ 6 मकान अचानक से भरभराकर गिर गए। अबतक 3 लोगों की मौत हो चुकी है। 4 लोगों को मलबे से बाहर निकाला गया है। 10-12 लोगों के अभी भी दबे होने की खबर है। सूचना मिलने पर पुलिस, नगर निगम, प्रशासन और दमकल की टीम मौके पर पहुंची हैं। रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है। मृतकों की पहचान तोताराम (38), दो सगी बहनें यशोदा (6) और काव्या (3) के तौर पर हुई है। सभी 6 मकान जो ढहे हैं, वो मिट्टी के टीले पर बने हुए थे। लोगों ने बताया कि यहां बाड़े (खुली भूमि) में JCB से खुदाई चल रही थी। तभी अचानक मिट्टी धसकी और एक के बाद एक सभी मकान मलबे में तब्दील हो गए। लोगों ने बताया कि जब हादसा हुआ तो ऐसा लगा कि भूकंप आ गया हो। लोगों को भागने तक का मौका नहीं मिला। हादसे की 7 तस्वीरें देखिए... पीड़ित बोले- मेरा तो सब कुछ खत्म हो गया
मृतक तोताराम के पिता बजरंग लाल सैनी ने बताया कि सुनील चेन के बाड़े में JCB से मिट्टी की खुदाई हो रही थी। तभी मकान सभी मकान गिरे। मेरा बेटा तोताराम दब गया। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया है। जबकि मेरी दो बेटियां और दबी हैं। मेरा तो सब कुछ खत्म हो गया। तोताराम के भाई ने बताया कि मलबे में कई छोटे-छोटे बच्चे और महिलाएं भी दबे हैं। मौके पर पहुंच रही NDRF और SDRF की टीमें मथुरा एसएसपी श्लोक कुमार ने कहा कि थाना गोविंदनगर के मसानी क्षेत्र में कच्ची सड़क पर मकान गिरे हैं। यहां राहत-बचाव कार्य करवाया जा रहा है। हमारी फायर सर्विसेज की यूनिट यहां पर रेस्क्यू ऑपरेशन कर रही हैं। NDRF और SDRF की टीमें मौके पर पहुंच रही हैं। पहले हमारी प्राथमिकता घायलों को बचाना है। इसके बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी। डीएम मथुरा ने अनाउंसमेंट करके खाली कराए घर मथुरा जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह मौके पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने अनाउंसमेंट करके लोगों को हटने के लिए कहा। उन्होंने कहा- कुछ घर अभी भी गिर सकते हैं। जो लोग छज्जे या छत पर खड़े हैं पीछे की ओर हट जाएं। पूर्व ऊर्जा मंत्री बोले- मुख्यमंत्री से उच्च स्तरीय जांच की मांग करूंगा पूर्व ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा ने कहा- बहुत दुखद घटना है। मृतक परिवार के प्रति मेरी संवेदना है। इसमें मैं मुख्यमंत्री जी को पत्र लिखकर उच्च जांच की मांग करूंगा। स्थानीय लोगों ने बताया है कि कोई माफिया यहां काम करता है। कौन लोग हैं। कहां से परमिशन मिली। कैसे मिली। किसके नाम कागज। ये सब उच्च स्तरीय जांच में खुलासा होगा। पहले भी यहां टंकी गिर गई थी। इसका मतलब है कि यहां कोई माफिया काम कर रहा है। जो संलिप्त हैं उनको कठोर सजा मिले। ऐसी सजा मिले कि कोई दोबारा ऐसा करने का साहस न उठा पाए। सीएमएस डॉ. नीरज अग्रवाल ने कहा- अभी तक 3 लोगों की हुई मौत सीएमएस डॉ. नीरज अग्रवाल ने बताया- अभी तक 3 लोग आए हैं। सभी मृत अवस्था में हैं। इसमें दो बच्ची भी हैं। जो लोग लेकर आए थे उन्होंने बताया कि बिल्डिंग गिर गई है। हम लोगों की टीम पूरी तरह से तैयार है। इनके मकान गिरे
बताया जा रहा है कि 6 लोगों के मकान गिरे हैं। इनमें विनोद हलवाई, बजरंगी सैनी, विजय, सूरज, राधा मुन्नी, पन्नालाल के मकान हैं। ..................................... ये खबर भी पढ़िए- कानपुर DM ढोल बजा रहा, किसी दिन महिला कपड़े फाड़ेगी:CMO का ऑडियो होने का दावा, डीएम ने हटवाने के लिए लेटर लिखा यूपी के 75 जिलों में से यही एक ऐसा डीएम है, जो ढोल बजा रहा है। मैंने आज तक ऐसा डीएम देखा ही नहीं। पहले यह मीडिया में रहे हैं। मीडियावालों की आदत होती है कि इतनी-सी बात को बहुत बढ़ा-चढ़ाकर बोलते हैं। बिना वजह बीच-बीच में दुनिया भर की कहानियां, किस्से सुनाते हैं। पढ़ें पूरी खबर