मथुरा के थाना जमुनापार क्षेत्र में एक सड़क हादसे में तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से उसके चालक की मौके पर ही मौत हो गई। यह घटना शुक्रवार देर रात करीब 9 बजे तैयापुर रोड पर हुई। मृतक की पहचान 35 वर्षीय मनोज के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, मनोज ट्रैक्टर चलाकर मजदूरी करता था। शुक्रवार रात वह बाजार से अपने गांव नगला भैंसा की ओर लौट रहा था। रास्ते में एक मोड़ पर अचानक ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के कारण मनोज ट्रैक्टर के नीचे दब गया। राहगीरों ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। काफी मशक्कत के बाद मनोज को ट्रैक्टर के नीचे से निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना मिलने पर थाना जमुनापार पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया और परिजनों को हादसे की जानकारी दी। परिजनों ने बताया कि मनोज मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी असामयिक मृत्यु से परिवार में शोक का माहौल है। पुलिस ने बताया कि हादसे की जांच की जा रही है और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।