गोरखपुर के सिकरीगंज थाना क्षेत्र में सोमवार को एक दुखद घटना सामने आई। पीड़री गांव के इमलीडीह स्थित पोखरे में तीन बच्चे डूब गए। इनमें से दो बच्चियों ने अपनी जान गंवा दी। घटना में जितेंद्र की 5 वर्षीय बेटी जिया, विजय की 11 वर्षीय बेटी मचनी और जितेंद्र का 8 वर्षीय बेटा आर्यन तिवारी शामिल हैं। तीनों बच्चे पोखरे से मिट्टी लेने गए थे। एक बच्ची के पोखरे में जाने और डूबने लगने पर, उसे बचाने के प्रयास में अन्य दो बच्चे भी पोखरे में कूद गए। एक राहगीर ग्रामीण की सूझबूझ से मदद पहुंची। आसपास के लोगों ने तीनों बच्चों को पोखरे से निकाला। उन्हें तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र उरुवा ले जाया गया। चिकित्सकों ने तीनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। रास्ते में ही जिया और मचनी की मृत्यु हो गई। आर्यन का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है। थानाध्यक्ष सिकरीगंज सुभाष चंद्र ने बताया कि मृतक बच्चियों के शव को मोर्चरी में रखा गया है।