मैनपुरी में एक युवक को गोली मार दी गई है। घटना कोतवाली क्षेत्र के नगरिया में शिव मंदिर के पास हुई, जिसमें 22 वर्षीय निखिल कश्यप गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल से सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। आरोपी मौके से फरार हो गया। निखिल कश्यप पुत्र संजीव कुमार को गर्दन के पास गोली लगी, जिससे उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया। घटना की सूचना मिलते ही एसपी सिटी अरुण कुमार, सीओ सिटी और कोतवाली इंस्पेक्टर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और स्थानीय लोगों से पूछताछ की। एसपी सिटी अरुण कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच कल शाम किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। इसी पुरानी रंजिश के चलते एक पक्ष ने दहशत फैलाने के इरादे से फायरिंग की, जिसमें निखिल कश्यप घायल हो गए। पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है और जल्द ही उसे गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया है। इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। मामले की जांच जारी है।