रक्षाबंधन पर योगी सरकार की ओर से महिलाओं और उनके सहयात्रियों के लिए रोडवेज बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा ने रिकॉर्ड बना दिया। महज दो दिनों में ही 50.33 लाख यात्रियों ने इस योजना का लाभ उठाया, जबकि रविवार के आंकड़े जुड़ने के बाद यह संख्या 75 लाख तक पहुंच चुकी है। 8 से 10 अगस्त तक मिली निशुल्क यात्रा प्रदेश सरकार ने 8 अगस्त सुबह 6 बजे से 10 अगस्त रात 12 बजे तक सभी रोडवेज बसों में महिलाओं और उनके साथ यात्रा कर रहे सहयात्रियों के लिए मुफ्त सफर की सुविधा लागू की। रोडवेज प्रशासन ने रविवार को पहले दो दिनों के आंकड़े जारी किए। लखनऊ परिक्षेत्र से दो दिनों में 3.76 लाख यात्रियों ने किया सफर रोडवेज के प्रबंध निदेशक मासूम अली सरवर ने बताया कि 8 अगस्त को लखनऊ परिक्षेत्र के आठ बस अड्डों से 1,41,610 टिकट जारी हुए, जिनकी कीमत ₹1,69,42,688 रही। प्रदेशभर में 19,20,155 टिकट ईटीएम से बने, जिनकी कीमत ₹21,64,45,337 रही। 9 अगस्त (रक्षाबंधन) को आलमबाग, अवध, बाराबंकी, चारबाग, कैसरबाग, रायबरेली और उपनगरीय डिपो से 2,34,688 टिकट मशीन से जारी हुए, जिनकी कीमत ₹2,89,46,348 रही। प्रदेशभर में इस दिन 31,13,329 टिकट जारी हुए, जिनकी कीमत ₹37,69,19,053 रही। दो दिनों में लखनऊ परिक्षेत्र से 3,76,298 यात्रियों ने बसों से सफर किया, जबकि पूरे प्रदेश में यह संख्या 50,33,484 रही। इनमें 70% यात्री महिलाएं थीं। चालक-परिचालकों और स्टाफ के लिए प्रोत्साहन रोडवेज ने बेहतर संचालन और कर्मचारियों की मेहनत को देखते हुए प्रोत्साहन योजना लागू की है। जिसके अनुसार 1800 किमी बस संचालन पर चालक-परिचालकों को 1,200 रुपए ,लगातार 6 दिन ड्यूटी पर 0.55 पैसे प्रति किमी अतिरिक्त, वही तकनीकी कर्मचारियों को प्रतिदिन हाजिरी पर 500 रुपए और संचालन व्यवस्था बेहतर रखने वाले कार्मिकों और पर्यवेक्षकों को 5,000 रूपये प्रति स्टेशन सम्मान राशि दी जाएगी।