रायबरेली जिले के भदोखर थाना क्षेत्र के कल्याणपुर रैली गांव में शुक्रवार शाम चुनावी रंजिश के चलते एक युवक को गोली मार दी गई। गंभीर रूप से घायल युवक को इलाज के लिए एम्स रायबरेली में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। जानकारी के अनुसार, पीड़ित राहुल कुमार अपनी मां गुड्डा देवी के साथ रायबरेली से घर लौट रहा था। इसी दौरान चार बदमाशों ने उनका रास्ता रोककर फायरिंग शुरू कर दी। गोली राहुल के सीने में लगी। परिजनों के शोर मचाने पर हमलावर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही एडिशनल एसपी संजीव कुमार सिन्हा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों के बयान दर्ज किए और फोरेंसिक टीम को जांच के निर्देश दिए। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह हमला गांव के प्रधानी चुनाव की पुरानी रंजिश का परिणाम है। पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया है कि हमलावर वर्तमान प्रधान के समर्थक हैं और वे पुराने विवाद को लेकर बदला लेना चाहते थे। पुलिस ने चारों आरोपियों की पहचान कर ली है। सूत्रों के मुताबिक, पुलिस ने रातभर छापेमारी कर करुणा शंकर, धीरज, विद्याकांत और वीरेंद्र नामक चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। एडिशनल एसपी संजीव कुमार सिन्हा ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और सख्त कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि घटना प्रधानी रंजिश से प्रेरित लग रही है और पीड़ित की सुरक्षा सुनिश्चित की गई है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है।