कासगंज के गंजडुंडवारा कस्बा के तेल मिल कॉलोनी में शनिवार सुबह वैवाहिक विवाद उस समय खूनी संघर्ष में बदल गया, जब सुलह की बातचीत के दौरान सुसराल व मायके पक्ष के लोगों में कहासुनी हो गई। आरोप है कि इस दौरान अर्जुन पुत्र रामस्नेही (निवासी नगला भूड़ जैथरा, वर्तमान निवास तेल मिल कॉलोनी गंजडुंडवारा) के परिजनों ने 20 से अधिक अज्ञात लोगों को बुलाकर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से प्रभा (पत्नी) के परिजनों पर हमला बोल दिया। इस हमले में प्रभा के पिता जुगेन्द्र (65) व परिजन सत्यनारायण (45), अंकुर (22), रूम सिंह (65), सौरभ (36) निवासी नगला बख्शी, पटियाली गंभीर घायल हो गए। वही इस दौरान अर्जुन पक्ष की उमा देवी (45) निवासी नगला भूड़, जैथरा भी गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने सीएचसी में भर्ती कराया, जहाँ से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जानकारी के अनुसार, अर्जुन की शादी करीब डेढ़ वर्ष पूर्व प्रभा पुत्री जुगेन्द्र निवासी नगला बख्शी, पटियाली से हुई थी। चार माह पूर्व अर्जुन के पिता की मौत के बाद से ही अर्जुन पत्नी को छोड़ना चाहता था। आपसी विवाद के चलते प्रभा चार माह से मायके में रह रही थी। शुक्रवार शाम प्रभा के पिता व परिजन उसे ससुराल लेकर आए थे और शनिवार सुबह दोनों पक्षों में सुलह की बात चल रही थी, तभी विवाद बढ़ गया। घायल उमा देवी के पिता जुगेन्द्र ने बताया कि शादी में चार पहिया वाहन और नकद राशि दी गई थी। वहीं, प्रभा का कहना है कि अर्जुन अपने पिता की मौत के बाद से यह कहकर उसे छोड़ना चाहता था कि शादी उसकी मर्जी से नहीं हुई थी। मामले मे कोतवाली प्रभारी भोजराज अवस्थी ने बताया कि मामले में हमलावरो की तलाश की जा रही है, अभी तक किसी भी पक्ष से तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।