हरदोई के अतरौली थाना क्षेत्र के सिंहपुर गांव में सोमवार सुबह एक हादसा हुआ। प्रधानमंत्री आवास के जर्जर छज्जे के गिरने से 18 वर्षीय अंजनी की मौत हो गई। तीन अन्य लोग घायल हो गए। परशुराम की बेटी अंजनी की शादी 30 अप्रैल को होनी थी। सोमवार सुबह वह घर के दरवाजे पर गीता देवी, सुभाष और सपना के साथ बैठी थी। इसी दौरान छज्जा अचानक गिर गया। चारों लोग मलबे में दब गए। ग्रामीणों ने मलबा हटाकर सभी को बाहर निकाला। घायलों को कोथावां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। डॉक्टरों ने अंजनी को मृत घोषित कर दिया। अन्य तीन घायलों का इलाज चल रहा है। परिजनों के अनुसार प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बना मकान कई सालों से जर्जर था। आर्थिक तंगी के कारण मरम्मत नहीं करा पाए। शादी की तैयारियों में व्यस्त घर में अब मातम छा गया है। गांव में भी शोक का माहौल है।