शाहजहांपुर के कांट थाना क्षेत्र में धान की कटाई को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। इमलिया गांव में हुए इस झगड़े में लाठी-डंडे चले, जिसमें दो लोग घायल हो गए। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आया है। एक पक्ष कंपाइन लेकर खेत में धान काटने पहुंचा था। तभी दूसरा पक्ष भी मौके पर आ गया और उसने उस धान की फसल पर अपना दावा किया। बताया जा रहा है कि दोनों पक्ष अलग-अलग गांवों के हैं। दोनों पक्षों के बीच पहले गाली-गलौज हुई, जो जल्द ही मारपीट में बदल गई। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्ष एक-दूसरे पर हमलावर हो गए। मारपीट के दौरान एक पक्ष के दो लोगों को चोटें आईं। सूचना मिलने पर पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को शांत कराया। घायलों का इलाज जारी है। मारपीट की घटना शुक्रवार की रात की बताई जा रही है। मारपीट का वीडियो बीती रात सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। सीओ सदर प्रयांक जैन ने बताया कि मारपीट की सूचना पर पुलिस मौके पर गई थी। उन्होंने पुष्टि की कि दो पक्षों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। पुलिस के अनुसार, अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से थाने में कोई तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।