संभल के थाना केला देवी क्षेत्र के ग्राम कैल मूडी में आवारा कुत्तों का आतंक जारी है। गांव में एक ही हफ्ते में दर्जनभर बच्चे कुत्तों के हमले का शिकार हो गए हैं। इससे पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पहला हमला 6 वर्षीय कृष्णा पर हुआ। वह अपने घर के बाहर खेल रही थी। बच्ची के चेहरे और हाथों में गंभीर चोटें आई हैं। परिजन उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल ले गए। वहां उसका इलाज चल रहा है। दूसरा हमला और भी चिंताजनक था। प्राथमिक विद्यालय कैल मूडी में लंच के समय कक्षा 4 के छात्र अजय (8 वर्ष) पर हुआ। वह अपने बैग से टिफिन निकालकर खाना खा रहा था। तभी स्कूल परिसर में घुसे एक आवारा कुत्ते ने अचानक हमला कर दिया। बच्चे की चीख-पुकार सुनकर शिक्षक और अन्य छात्र मौके पर पहुंचे। लेकिन तब तक कुत्ता उसे लहूलुहान कर चुका था। गंभीर हालत में अजय को परिजन जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों की टीम उसका इलाज कर रही है। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कई दिनों से गांव में आवारा कुत्तों की संख्या तेजी से बढ़ी है। बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों का घर से निकलना मुश्किल हो गया है। अब स्कूल जैसे सुरक्षित माने जाने वाले स्थान भी इन हमलों से अछूते नहीं रह गए हैं। स्थानीय प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। गांववासियों ने प्रशासन से कुत्तों को पकड़ने और बच्चों की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।