संभल में यूनिवर्सल हेल्थ डे के अवसर पर एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें 100 से अधिक बच्चों ने स्वास्थ्य के महत्व को दर्शाते हुए प्रेरक पोस्टर बनाए। इन रंगीन रचनाओं के माध्यम से बच्चों ने जागरूकता का संदेश दिया और स्वस्थ भविष्य की कल्पना की। यह कार्यक्रम एक निजी संस्था द्वारा डॉ. शारिक़ के सहयोग से आयोजित किया गया था। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मर्चेंट नेवी ऑफिसर रेहान अशरफ़ थे। उन्होंने बच्चों को जीवन में आगे बढ़ने और एक अच्छा इंसान बनने के लिए प्रेरित किया। डॉ. अलवीरा शारिक़ ने नारी शिक्षा के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षित नारी ही शिक्षित और स्वस्थ समाज की नींव होती है। हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. शारिक़ ने सफलता के लिए मेहनत, निरंतरता और एकाग्रता को आवश्यक बताया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सभी का अधिकार है, चाहे वे किसी भी धर्म या आर्थिक वर्ग से हों। इसी सिद्धांत पर चलते हुए, वे पिछले छह वर्षों से संभल के अयाज़ क्लीनिक में हर शुक्रवार को निःशुल्क ओपीडी चला रहे हैं, जहाँ 100-150 मरीजों का मुफ्त इलाज किया जाता है। कार्यक्रम के संयोजक मुहम्मद अयाज़ ने बताया कि ऐसे आयोजन बच्चों का मनोबल बढ़ाते हैं और भविष्य में भी जारी रहेंगे। पोस्टर प्रतियोगिता में उन्ज़िला अक़रम ने प्रथम, कायनात तबिंदा ने द्वितीय और तीसरी कक्षा के छात्र मुहम्मद फ़ाहम ने तृतीय पुरस्कार प्राप्त किया। मुहम्मद अहमद ने संभल के बच्चों को आगे बढ़ने के अधिक अवसर प्रदान करने की आवश्यकता पर बल दिया। शारिक़ जिलानी ने भी ऐसे कार्यक्रमों की निरंतरता पर जोर दिया। फ़हीम कायनात ने बच्चों के विकास में माता-पिता की महत्वपूर्ण भूमिका बताई। इस अवसर पर शाह फ़हद, उमेद वकील, आगोश-ए-आज़म, मुहम्मद अतहर और पाकीज़ा अनवर सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। कार्यक्रम के अंत में सांत्वना पुरस्कार भी वितरित किए गए।