आगरा के पिनाहट में एक ज्वैलरी की दुकान पर सिलेंडर लीक होने से दो लोग झुलस गए। दोनों को तुरंत सीएचसी में भर्ती कराया गया। जहां उनका इलाज चल रहा है। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। बताया जा रहा है कि दोनों दुकान पर आभूषण साफ करने का काम करते हैं।
अब तक की मिली जानकारी के अनुसार पिनाहट कस्बे के सदर बाजार में ज्वैलरी दुकान है। जहां आभूषण भी साफ किए जाते हैं। सुबह दुकान खुलने के बाद दुकान पर काम करने वाले दो कर्मचारियों ने आभूषण साफ करने के लिए सिलेंडर खोला। सिलेंडर लीक था, जिससे तेज आवाज के साथ गैस निकली। इससे दोनों कर्मचारी झुलस गए। आसपास के लोग तेज आवाज को सुनकर दुकान पर पहुंचे। पुलिस को सूचना दी गई। दोनों कर्मचारियों को सीएचसी में इलाज के लिए भर्ती कराया गया। एक कर्मचारी का पूरा शरीर और चेहरा झुलसा है तो वहीं दूसरे के हाथ और पेट पर आंच आई है।
(खबर अपडेट की जाएगी)